बीजापुर और तेलंगाना की सीमा पर स्थित कर्रेगट्टा की पहाड़ियों में नक्सलियों के खिलाफ चल रहे अब तक के सबसे बड़े ऑपरेशन में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। तलाशी अभियान के दौरान एक विशाल गुफा मिली है, जिसमें एक साथ एक हजार से अधिक लोग आराम से रह सकते हैं।
बीजापुर जिले के उसूर थाना क्षेत्र की कर्रेगुट्टा पहाड़ी में पिछले पांच दिनों से नक्सल विरोधी अभियान जारी है। इसी अभियान के दौरान जवान नक्सलियों के एक ठिकाने तक पहुंचे। गुफा के भीतर एक बड़ा खुला मैदान और पानी का स्रोत भी मौजूद है। जवानों को मिली इस गुफा की खोज को बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
भीषण गर्मी और 45 डिग्री तापमान में पांच दिनों की कठिन मेहनत के बाद सुरक्षाबलों ने इस ठिकाने को ढूंढ़ निकाला। जवानों द्वारा गुफा के भीतर बनाया गया एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि वे अंधेरे में टॉर्च की रोशनी से धीरे-धीरे आगे बढ़ रहे हैं। वीडियो में कुछ जवान आपस में चर्चा करते हुए बता रहे हैं कि गुफा के अंदर बड़ा मैदान और पानी उपलब्ध है। इसके अलावा, वहां नक्सलियों के मौजूद रहने के भी स्पष्ट संकेत मिले हैं। हालांकि, जवानों के पहुंचने से पहले ही नक्सली ठिकाना छोड़ चुके थे। गुफा के अंदर अब भी तलाशी अभियान जारी है। भले ही मौके पर नक्सली नहीं मिले, लेकिन यह तय है कि उन्होंने यहां एक सुरक्षित अड्डा बना रखा था। गुफा के भीतर पर्यावरण अनुकूल है पर्याप्त ऑक्सीजन है और विश्राम के लिए भी अनुकूल व्यवस्था है। यहां पानी की भी सुविधा मौजूद है। ऑपरेशन के दौरान जवानों द्वारा ली गई तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।
इस गुफा के बारे में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं है। फिलहाल इलाके में नक्सल ऑपरेशन जारी है, और इस विषय में कुछ भी कह पाना जल्दबाज़ी होगी- कमलोचन कश्यप डीआईजी दक्षिण बस्तर (दंतेवाड़ा)
बीजापुर, तेलंगाना सीमा पर मिली गुफा में एक हजार से अधिक नक्सलियों के छिपने की संभावना




