
ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न से आई एक दर्दनाक खबर ने पूरे क्रिकेट जगत को झकझोर दिया है। 17 वर्षीय उभरते क्रिकेटर बेन ऑस्टिन की एक दुर्भाग्यपूर्ण हादसे में मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, बेन मंगलवार को अपने क्लब के नेट्स में ऑटोमेटिक बॉलिंग मशीन के सामने बल्लेबाजी का अभ्यास कर रहे थे। उन्होंने हेलमेट पहन रखा था, लेकिन गेंद उनके सिर और गर्दन के बीच वाले हिस्से पर जा लगी। गंभीर हालत में उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां बुधवार को उन्होंने दम तोड़ दिया।
क्लब ने जताया शोक
फर्नट्री गली क्रिकेट क्लब ने अपने बयान में कहा, “हम बेन के निधन से गहरे सदमे में हैं। उनके जाने से हमारी पूरी क्रिकेट कम्युनिटी बेहद दुखी है।” क्लब ने बेन को एक प्रतिभाशाली खिलाड़ी, प्रेरणादायक लीडर और शानदार इंसान बताया। वे टीम के होनहार बल्लेबाज और गेंदबाज थे, जिनसे भविष्य में बड़ी उम्मीदें थीं। हालांकि, बेन ऑस्टिन की इस त्रासदी ने एक बार फिर क्रिकेट मैदान पर खिलाड़ियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। क्लब ने कहा कि क्रिकेट समुदाय बेन को हमेशा एक प्रतिभाशाली, ऊर्जावान और समर्पित युवा खिलाड़ी के रूप में याद रखेगा।
फिलिप ह्यूज की याद फिर हुई ताजा
बेन की मौत ने 2014 में ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर फिलिप ह्यूज की दर्दनाक मौत की याद दिला दी है। ह्यूज को शेफील्ड शील्ड मैच के दौरान गर्दन पर गेंद लगने से अपनी जान गंवानी पड़ी थी। उस घटना के बाद क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने सुरक्षा उपायों और कंकशन प्रोटोकॉल्स को कड़ा किया था।





