श्रीनगर हवाई अड्डे पर एक आर्मी अधिकारी द्वारा अतिरिक्त सामान के शुल्क को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि उसने स्पाइसजेट के चार कर्मचारियों के साथ मारपीट कर दी। जानकारी के अनुसार, अधिकारी का सामान तय सीमा से अधिक था और जब स्टाफ ने अतिरिक्त शुल्क की मांग की, तो अधिकारी भड़क उठा।
एयरलाइन के मुताबिक, उनके एक कर्मचारी की रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोट आई है जबकि एक अन्य के जबड़े में फ्रैक्चर हुआ है। घटना 26 जुलाई 2025 की है, जब श्रीनगर से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट के बोर्डिंग गेट पर यह झड़प हुई। बताया गया है कि जब कर्मचारियों ने यात्री से कहा कि 7 किलो से अधिक सामान के लिए शुल्क देना होगा, तो वह गुस्से में आ गया और उसने कर्मचारियों को लात-घूंसे मारने शुरू कर दिए। हमले में एक कर्मचारी बेहोश होकर ज़मीन पर गिर पड़ा, लेकिन अधिकारी ने उसे तब भी पीटना नहीं छोड़ा। जब एक अन्य कर्मचारी उसकी मदद के लिए झुका, तो अधिकारी ने उसके चेहरे पर लात मार दी, जिससे उसके नाक और मुंह से खून बहने लगा। सभी घायल कर्मचारियों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है।
16 किलो सामान लेकर यात्रा कर रहा था अधिकारी
स्पाइसजेट ने बताया कि संबंधित यात्री का सामान 16 किलो का था, जो तय सीमा (7 किलो) से कहीं अधिक था। जब विनम्रतापूर्वक अतिरिक्त शुल्क की बात कही गई, तो यात्री ने मना कर दिया और जबरदस्ती एयरोब्रिज में घुसने लगा, जो विमानन सुरक्षा नियमों का उल्लंघन है। मौके पर मौजूद सीआईएसएफ जवान ने उसे रोककर लौटाया, जिसके बाद अधिकारी और आक्रामक हो गया और मारपीट पर उतर आया।
सेना और एयरलाइन दोनों की प्रतिक्रिया
सेना की ओर से बयान जारी कर कहा गया है कि घटना की जांच जारी है और वे सिविल जांच में सहयोग कर रहे हैं। वहीं, स्पाइसजेट ने नागरिक उड्डयन मंत्रालय को पत्र भेजकर अपने कर्मचारियों पर हुए हमले की जानकारी दी है और यात्री के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में स्थानीय पुलिस थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। साथ ही, स्पाइसजेट ने नागरिक उड्डयन नियमों के तहत उस यात्री को नो-फ्लाई सूची में डालने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, जिससे वह भविष्य में उड़ान न भर सके।






