श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड के सूत्रों के अनुसार, हेलीकॉप्टर सेवा के किराए का प्रस्ताव तैयार कर लिया गया है, जिसे जल्द ही ऑनलाइन सार्वजनिक किया जाएगा। तीन जुलाई से शुरू हो रही अमरनाथ यात्रा के लिए ऑनलाइन हेलीकॉप्टर सेवा की बुकिंग शीघ्र शुरू की जाएगी। इस बार किराये में इजाफा हो सकता है।
यात्री बालटाल रूट के तहत नीलग्राथ-पंजतरणी-नीलग्राथ और पहलगाम रूट के तहत पहलगाम-पंजतरणी-पहलगाम के जरिए पवित्र गुफा तक पहुंच सकेंगे। इसके अलावा, श्रीनगर से नीलग्राथ तक चार्टर फ्लाइट की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।
बुकिंग केवल संबंधित बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट से ही की जा सकेगी।
• नीलग्राथ से पंजतरणी का एकतरफा किराया ₹3,860 प्रस्तावित है, जो पिछले वर्ष ₹3,250 था।
• पहलगाम से पंजतरणी के लिए एकतरफा किराया ₹5,820 प्रस्तावित किया गया है, जबकि 2024 में यह ₹4,900 था।
• श्रीनगर से नीलग्राथ तक चार्टर विमान सेवा के लिए ₹4.25 लाख किराया तय किया गया है, जो व्यक्तिगत या समूह यात्रा के लिए उपयोगी होगी।
इस वर्ष हेलीकॉप्टर सेवाएं हिमालयन हेली सर्विसेस लिमिटेड, ग्लोबल वेक्ट्रा हेलीकॉप्टर्स लिमिटेड, एरो एयरक्राफ्ट एंड एविएशन प्राइवेट लिमिटेड जैसी कंपनियों के माध्यम से संचालित होंगी।
बालटाल और पहलगाम रूट पर सौ से अधिक लंगर की व्यवस्था
15 से 20 जून के बीच यात्रा की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाएगा। अब तक लगभग साढ़े तीन लाख श्रद्धालु अग्रिम पंजीकरण करवा चुके हैं। जून के अंतिम सप्ताह से देशभर से लंगर संगठन बालटाल और पहलगाम रूट पर पहुंचना शुरू कर देंगे। यहां 100 से अधिक लंगर लगाए जाएंगे और श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए जाएंगे।






