21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विशाखापत्तनम में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे, जहां वे करीब 5 लाख लोगों के साथ योग करेंगे। इस ऐतिहासिक आयोजन में 40 देशों के राजनयिक और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडु भी भाग लेंगे। देशभर में एक लाख से अधिक स्थानों पर “योग संगम” कार्यक्रम आयोजित होंगे। केंद्रीय आयुष मंत्री प्रताप राव जाधव ने जानकारी दी कि विशाखापत्तनम में प्रधानमंत्री मोदी खुद कॉमन योग प्रोटोकॉल का नेतृत्व करेंगे। उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम अब तक के सबसे बड़े समकालिक योग आयोजनों में से एक होगा।
आंध्र प्रदेश सरकार ने इस अवसर पर “योग आंध्र” अभियान की शुरुआत की है, जिसका लक्ष्य राज्य में 10 लाख नियमित योग साधकों का समुदाय बनाना है।
जाधव ने कहा कि यह केवल एक उत्सव नहीं है, बल्कि योग को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने का एक सामूहिक प्रयास है। उन्होंने यह भी बताया कि अब तक दिल्ली, मैसूर, न्यूयॉर्क और श्रीनगर जैसे शहरों में योग दिवस के मुख्य आयोजन हो चुके हैं, जिनके माध्यम से स्वास्थ्य, शांति और सद्भाव के लिए विभिन्न संस्कृतियों को एक मंच पर लाया गया है।
11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर विशाखापत्तनम में प्रधानमंत्री मोदी के साथ 40 देशों के राजनयिक करेंगे योग






