देश को 9 सितंबर को मिलेगा नया उपराष्ट्रपति, चुनाव आयोग ने जारी किया शेड्यूल

अजय कुमार
वरिष्ठ पत्रकार, लखनऊ

भारत में उपराष्ट्रपति पद के लिए नया चुनाव तय हो गया है। चुनाव आयोग ने 9 सितंबर 2025 को मतदान की तारीख घोषित की है। 7 अगस्त को अधिसूचना जारी होगी और 21 अगस्त तक नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे। 22 अगस्त को नामांकन की जांच होगी और 25 अगस्त तक नाम वापस लेने का समय होगा। मतदान सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक होगा और परिणाम उसी दिन घोषित कर दिए जाएंगे। यह चुनाव उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के इस्तीफे के बाद हो रहा है। उन्होंने 21 जुलाई को स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए पद छोड़ा और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अगले दिन उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया। धनखड़ का कार्यकाल अगस्त 2027 तक था, लेकिन उनके अचानक इस्तीफे ने राजनीति में हलचल मचा दी।
चुनाव प्रक्रिया के तहत उपराष्ट्रपति का चुनाव लोकसभा और राज्यसभा के निर्वाचित सांसदों तथा राज्यसभा के 12 नामांकित सदस्यों द्वारा किया जाएगा। मतदान गुप्त मतपत्र से होगा और इसमें सिंगल ट्रांसफरेबल वोट प्रणाली अपनाई जाएगी। सांसदों पर व्हिप लागू नहीं होगा, जिससे क्रॉस वोटिंग की संभावना बनी रहती है। यदि केवल एक उम्मीदवार मैदान में होता है, तो वह निर्विरोध उपराष्ट्रपति बन जाएगा। राजनीतिक हलकों में संभावित उम्मीदवारों पर चर्चा तेज हो गई है। बीजेपी खेमे में नीतीश कुमार, अरिफ मोहम्मद खान, जेपी नड्डा, हरिवंश नारायण सिंह और रामनाथ ठाकुर जैसे नामों की चर्चा है। अभी तक विपक्षी खेमे ने अपना रुख साफ नहीं किया है। यदि विपक्ष उम्मीदवार नहीं उतारता, तो सत्ता पक्ष का उम्मीदवार निर्विरोध चुना जा सकता है।
वर्तमान में संसद में कुल 782 सदस्य हैं। उपराष्ट्रपति बनने के लिए उम्मीदवार को 50% से अधिक यानी कम से कम 392 वोटों की आवश्यकता होगी। एनडीए खेमे के पास लोकसभा और राज्यसभा मिलाकर लगभग 422 सांसदों का समर्थन है, जबकि इंडिया गठबंधन के पास करीब 313 वोट माने जा रहे हैं। चुनाव आयोग ने राज्यसभा महासचिव पी. सी. मोदी को रिटर्निंग ऑफिसर नियुक्त किया है। आयोग ने कहा है कि इलेक्टोरल कॉलेज की सूची तैयार कर ली गई है और चुनाव की सभी तैयारियां पूरी हैं।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह चुनाव न सिर्फ संवैधानिक औपचारिकता है बल्कि आने वाले समय की राजनीति का संकेत भी देगा। गुप्त मतदान की वजह से क्रॉस वोटिंग संभव है, जिससे अप्रत्याशित नतीजे भी सामने आ सकते हैं। अब सबकी निगाहें इस बात पर हैं कि बीजेपी किसे उम्मीदवार बनाती है और विपक्षी दल क्या रणनीति अपनाते हैं। अगर मुकाबला हुआ तो यह चुनाव दिलचस्प होगा, लेकिन अगर विपक्ष उम्मीदवार नहीं उतारता, तो सत्ता पक्ष का उम्मीदवार बिना चुनाव के उपराष्ट्रपति बन सकता है। 9 सितंबर को मतदान के साथ ही देश को नया उपराष्ट्रपति मिल जाएगा।

विशिखा मीडिया

विशिखा ने जनवरी 2019 से राजस्थान की राजधानी जयपुर से हिंदी मासिक पत्रिका के रूप में अपनी नींव रखी। राजस्थान में सफलता का परचम फहराने के बाद विशिखा प्रबंधन ने अप्रैल 2021 से उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से मासिक पत्रिका के रूप में अपना प्रकाशन आरम्भ करने का निर्णय लिया। इसी बीच लोगों की प्रतिक्रियाएं आईं कि विशिखा का प्रकाशन दैनिक समाचार पत्र के रूप में भी होना चाहिये। पाठकों की रुचि को ध्यान में रखते हुए विशिखा प्रबंधन ने 1 जनवरी 2022 से जयपुर से दैनिक समाचार पत्र के रूप में भी अपना प्रकाशन आरम्भ किया। विशिखा में प्रमुख रूप से राजनैतिक गतिविधियों सहित, कला, समाज, पर्यटन, एवं अन्य विषयों से संबंधित विस्तृत आलेख प्रकाशित होते हैं। विशिखा पत्रिका ने अपने विस्तृत आलेखों और दैनिक न्यूज़ विश्लेषण के माध्यम से अपने पाठकों को जानकारी और ज्ञान की दुनिया में ले जाने का महत्वपूर्ण काम किया है। अपनी सटीक खबरों, विस्तृत रिपोर्टों और विशेष विषयों पर आधारित लेखों के साथ, विशिखा ने लगातार अपनी विश्वसनीयता बनायी हुई है। विशिखा मासिक पत्रिका की खबरों की गुणवत्ता, नवीनता और सटीकता को ध्यान में रखते हुए इस पत्रिका ने अपने पाठकों का दिल जीता है। यह पत्रिका न केवल जानकारी उपलब्ध कराती है, बल्कि लोगों के बीच अपने विचारों के आदान प्रदान के लिए एक मंच भी उपलब्ध करती है। इसके लेखक, संपादक और टीम का प्रयास निरंतर यह होता है कि पाठकों को एक अच्छा अनुभव देने के साथ-साथ सामाजिक, आर्थिक और सांस्कृतिक मुद्दों के साथ-साथ समस्याओं के समाधान पर ध्यान केंद्रित करें। विशिखा का लक्ष्य आपको विभिन्न विषयों पर अद्भुत लेखों से परिचित कराना है। पत्रिका के माध्यम से हम लेखकों, संगठनों, एवं समाज के प्रतिष्ठित और सामान्य लोगों को उनकी रचनात्मक योग्यताओं के आधार पर साझा करने का प्रयास करना है। पत्रिका टीम का मूल मंत्र है- रचनात्मकता, नैतिकता और उच्चतम गुणवत्ता। विशिखा हिंदी मासिक पत्रिका है जो 2019 में शुरू हुई थी। वर्तमान में यह राजस्थान और उत्तराखंड से प्रकाशित की जाती है। इसमें विभिन्न विषयों पर लेख शामिल होते हैं जैसे कि करंट अफेयर्स, साहित्य, महिलाएं, यात्रा और अधिक। हमारी पत्रिका उन लोगों के लिए है जो ज्ञान और सूचना की तलाश में होते हैं और उन्हें उन विषयों से रुबरु कराने का एक मंच प्रदान करती हैं।

Leave a Reply

Discover more from

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading