भारत और अमेरिका के बीच टैरिफ को लेकर चल रहा तनाव अब खत्म होने की उम्मीद जताई जा रही है। क्या ट्रंप प्रशासन भारत पर लगाए गए अतिरिक्त टैरिफ में कमी करने जा रहा है? यह सवाल तब और चर्चाओं में आ गया जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पत्रकारों से बातचीत में कहा, “हां, हम भारत पर लगे टैरिफ को कम करने जा रहे हैं।”
ट्रंप के लगाए गए अतिरिक्त टैरिफ के कारण हाल के दिनों में भारत-अमेरिका संबंधों में तनाव देखा गया था। लेकिन अब ट्रंप ने संकेत दिए हैं कि इस मुद्दे पर बड़ा बदलाव आने वाला है। उन्होंने कहा कि फिलहाल भारत पर अमेरिकी टैरिफ बहुत अधिक हैं, क्योंकि भारत पहले रूस से तेल खरीदता था। ट्रंप ने आगे कहा कि अब भारत ने रूस से तेल की खरीद में कमी की है और मैंने भी रूस के तेल व्यापार को काफी हद तक रोक दिया है। इसलिए भारत पर लगे टैरिफ को जल्द ही घटा दिया जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट रूप से कहा, “हां, हम भारत पर लगे टैरिफ को कम करने जा रहे हैं, यह किसी भी दिन, किसी भी समय हो सकता है।” ट्रंप ने यह भी बताया कि भारत और अमेरिका के बीच एक नया व्यापार समझौता तैयार किया जा रहा है, जो पहले के समझौतों से अधिक न्यायसंगत और संतुलित होगा। उन्होंने कहा, “अभी भारत हमें ज्यादा पसंद नहीं करता, लेकिन जल्द ही वे हमें फिर से पसंद करने लगेंगे। हम एक निष्पक्ष और पारस्परिक लाभ वाला सौदा करने के करीब हैं।”
भारत की सराहना करते हुए बोले ट्रंप
सर्जियो गोर के भारत में अमेरिका के नए राजदूत और दक्षिण एशिया विशेष दूत के रूप में शपथ ग्रहण समारोह में ट्रंप ने भारत की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि भारत दुनिया की सबसे प्राचीन सभ्यताओं में से एक है, सबसे बड़ा देश है और यहां 1.5 अरब से अधिक लोग रहते हैं। ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ अपने मजबूत संबंधों का भी जिक्र किया और कहा कि सर्जियो गोर ने इन संबंधों को और गहराई दी है। ट्रंप ने यह भी कहा कि गोर का प्रमुख दायित्व अमेरिका और भारत के बीच रणनीतिक, आर्थिक और सुरक्षा संबंधों को सुदृढ़ करना होगा। इसके साथ ही वे निवेश बढ़ाने, अमेरिकी ऊर्जा निर्यात को प्रोत्साहित करने और तकनीकी सहयोग को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाएंगे।






