ऑस्ट्रेलिया के सिडनी शहर में हुए एक भीषण सड़क हादसे में आठ महीने की गर्भवती भारतीय महिला की मौत हो गई। इस दुर्घटना में महिला और उसके अजन्मे बच्चे दोनों का जीवन नहीं बच पाया। जानकारी के अनुसार, महिला अपने पति और तीन साल के बेटे के साथ पार्क की ओर जा रही थी, तभी एक बीएमडब्ल्यू कार चालक की लापरवाही ने यह दर्दनाक हादसा घटित कर दिया।
सिडनी में 33 वर्षीय भारतीय मूल की इस महिला की मौत के बाद इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस के मुताबिक, समनविता धरेश्वर अपने परिवार के साथ टहलने निकली थीं। शुक्रवार (14 नवंबर) रात लगभग 8 बजे, हॉर्न्सबी स्थित जॉर्ज स्ट्रीट पर एक किआ कार्निवल कार धरेश्वर परिवार को सड़क पार करने देने के लिए धीरे हुई, लेकिन पीछे से तेज रफ्तार बीएमडब्ल्यू ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर की ताकत इतनी अधिक थी कि किआ कार आगे की ओर उछल गई और धरेश्वर उसकी चपेट में आ गईं।
गंभीर चोटें लगने के बाद उन्हें तुरंत वेस्टमीड अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उनकी और उनके बच्चे की जान नहीं बचा सके। हादसे के समय बीएमडब्ल्यू चलाने वाले 19 वर्षीय पी-प्लेटर (नव-लाइसेंसधारी) आरोन पपाजोग्लू को घटना के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि बीएमडब्ल्यू और किआ, दोनों कारों के चालक सुरक्षित हैं। धरेश्वर के लिंक्डइन प्रोफाइल के अनुसार, वह एक कुशल आईटी सिस्टम विश्लेषक थीं और व्यावसायिक एप्लीकेशन प्रशासन और सपोर्ट में विशेषज्ञता रखती थीं। वह एल्स्को यूनिफॉर्म में टेस्ट एनालिस्ट के रूप में कार्यरत थीं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि उनके पति और तीन साल के बच्चे को कोई चोट लगी है या नहीं।
आरोपी चालक को उसके वाहरोंगा स्थित घर से गिरफ्तार करने के बाद खतरनाक और लापरवाही से वाहन चलाने तथा भ्रूण की मौत का कारण बनने जैसे गंभीर आरोपों में कोर्ट में पेश किया गया, जहां जमानत याचिका को मामले की गंभीरता को देखते हुए खारिज कर दिया गया। बताया जा रहा है कि उस पर न्यू साउथ वेल्स में वर्ष 2022 में लागू किए गए उस कानून के तहत कार्रवाई हो सकती है, जिसमें अजन्मे बच्चे की मौत होने वाले मामलों में कड़े दंड का प्रावधान है। दोषी पाए जाने पर खतरनाक ड्राइविंग के अलावा तीन वर्षों तक की अतिरिक्त कैद की सजा भी सुनाई जा सकती है।
ऑस्ट्रेलिया: सिडनी में सड़क हादसे में गर्भवती भारतीय महिला की मौत






