सलमान खान पान मसाला के विज्ञापन से जुड़े आरोपों के चलते कानूनी विवाद में घिर गए हैं। इस मामले में हाल ही में अभिनेता की ओर से उनके वकील ने अदालत में पक्ष रखा। वकील ने स्पष्ट रूप से कहा कि सलमान खान ने कभी पान मसाला का विज्ञापन नहीं किया। अदालत में सलमान खान के वकील ने बताया कि इस मामले में उनके मुवक्किल को बिना वजह परेशान किया जा रहा है। उन्होंने दोहराया कि अभिनेता ने पान मसाला नहीं, बल्कि इलायची का विज्ञापन किया था। वकील आशीष दुबे ने कोर्ट में कहा कि सलमान खान ने न तो गुटखा और न ही पान मसाला का प्रचार किया है। उन्होंने केवल सिल्वर-कोटेड इलायची का विज्ञापन किया, जो पान मसाला की श्रेणी में शामिल नहीं होती। वकील के अनुसार, इसी वजह से सलमान के खिलाफ दर्ज शिकायत की नींव कमजोर पड़ जाती है। सलमान खान की ओर से वकील ने यह भी तर्क दिया कि कंज्यूमर कमीशन को इस शिकायत पर कार्रवाई करने का अधिकार नहीं है। वकील का कहना था कि अभिनेता न तो पान मसाला बनाने वाली कंपनी से जुड़े हैं और न ही किसी तरह की सेवा प्रदान करते हैं, इसलिए इस मामले में उन्हें पक्षकार बनाना कानूनन सही नहीं है।
गौरतलब है कि कुछ हफ्ते पहले कोटा के बीजेपी नेता और वकील इंदर मोहन सिंह हनी ने सलमान खान के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। उनका आरोप था कि सलमान खान और पान मसाला कंपनी मिलकर जनता को गुमराह कर रहे हैं, क्योंकि मात्र 5 रुपये के पाउच में असली केसर का इस्तेमाल संभव नहीं है। इस मामले की अगली सुनवाई कोटा कंज्यूमर कोर्ट में 9 दिसंबर को होगी।
पान मसाला का विज्ञापन करने पर सलमान खान को क़ानूनी नोटिस ज़ारी





