- 17 फरवरी को नई सरकार का गठन
- तारिक रहमान लेंगे प्रधानमंत्री पद की शपथ
- मुहम्मद यूनुस की भविष्य की भूमिका पर अटकलें
बांग्लादेश में 17 फरवरी को नई सरकार का गठन होने जा रहा है, जिसमें तारिक रहमान का प्रधानमंत्री बनना लगभग तय माना जा रहा है। इसी दिन अंतरिम सरकार के चीफ एडवाइजर मुहम्मद यूनुस का कार्यकाल भी समाप्त हो जाएगा, जिसके बाद उनकी अगली भूमिका को लेकर राजनीतिक हलकों और सोशल मीडिया पर चर्चाएं तेज हो गई हैं।नई सरकार के गठन के साथ ही यूनुस के संभावित नए दायित्वों को लेकर कयास लगाए जा रहे हैं। चर्चा है कि उन्हें किसी संवैधानिक पद पर जिम्मेदारी दी जा सकती है।
क्या राष्ट्रपति पद की दौड़ में यूनुस?
तारिक रहमान के सलाहकार हुमायूं कबीर ने एनडीटीवी से बातचीत में कहा कि रहमान का मानना है कि मुहम्मद यूनुस जैसे अनुभवी व्यक्तित्व को शासन व्यवस्था में शामिल किया जाना चाहिए। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि अभी तक किसी भी व्यक्ति के लिए कोई पद तय नहीं किया गया है। रहमान देश के भविष्य के निर्माण के लिए योग्य और अनुभवी लोगों से सलाह लेना चाहते हैं। कबीर के अनुसार, अभी किसी विशेष भूमिका पर चर्चा नहीं हुई है, लेकिन रहमान समावेशी सरकार बनाने के पक्षधर हैं और चुने जाने पर उपलब्ध प्रतिभाओं का पूरा उपयोग करना चाहते हैं।
विशेषज्ञता का मिलेगा लाभ
कबीर ने कहा कि यूनुस के अनुभव, विशेषज्ञता और अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठा का उपयोग देशहित में कई तरीकों से किया जा सकता है। चुनाव के बाद उपयुक्त समय पर रहमान देश के प्रमुख नागरिकों से संवाद करेंगे, जिसमें यूनुस से बातचीत भी सामान्य प्रक्रिया का हिस्सा होगी। उन्होंने यह भी जोड़ा कि राजनीति में कुछ भी असंभव नहीं होता। रहमान ऐसे फैसले लेने के इच्छुक हैं जो देश को घरेलू और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत स्थिति दिला सकें, और इसके लिए वे सर्वश्रेष्ठ प्रतिभाओं को साथ लाने के पक्ष में हैं।





