
मॉर्निंग वॉक कर रहे रिटायर्ड ब्रिगेडियर की मौत
उत्तराखंड के देहरादून में ओवरटेक को लेकर हुए विवाद ने एक दुखद मोड़ ले लिया, जिसमें मॉर्निंग वॉक पर निकले रिटायर्ड ब्रिगेडियर की जान चली गई।
राजपुर थाना क्षेत्र के जोहड़ी गांव में सोमवार सुबह करीब सात बजे दो कार सवार युवकों के बीच ओवरटेक करने को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष ने फायरिंग कर दी। इस दौरान वहां से गुजर रहे रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश जोशी गोली का शिकार हो गए। गंभीर हालत में उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उनका निधन हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। दून एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि कंट्रोल रूम से सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई। पुलिस ने क्षेत्र को सील कर दिया है और संदिग्ध वाहन व उसमें सवार लोगों की पहचान की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए व्यापक तलाशी अभियान चलाया जा रहा है, साथ ही विभिन्न थाना क्षेत्रों में नाकेबंदी भी की गई है।
इस बीच, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया। वह मैक्स अस्पताल पहुंचे और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर सांत्वना दी। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि आरोपियों के खिलाफ सख्त और त्वरित कार्रवाई की जाए। साथ ही संवेदनशील इलाकों में पुलिस गश्त बढ़ाने और आवश्यक स्थानों पर पिकेट लगाने के भी निर्देश दिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, कार सवारों के बीच विवाद के दौरान एक युवक ने दूसरी गाड़ी को रोकने के उद्देश्य से टायर पर गोली चलाई थी, लेकिन यह गोली गलती से रिटायर्ड ब्रिगेडियर को लग गई, जो उनकी मौत का कारण बनी।






