
प्रधानमंत्री को कल करना था रिफाइनरी का लोकार्पण
लोकार्पण से ठीक पहले हुई इस घटना ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं:
- क्या कल प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के समय में कोई बदलाव होगा?
- आग लगने का वास्तविक कारण कोई तकनीकी खामी या सुरक्षा में चूक?
- रिफाइनरी के संवेदनशील जोन में आग लगने का वास्तविक कारण क्या है?
बाड़मेर जिले के पचपदरा स्थित रिफाइनरी परिसर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित लोकार्पण कार्यक्रम से एक दिन पहले सोमवार दोपहर अचानक भीषण आग लगने की घटना सामने आई है। आग लगने के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जबकि दमकल टीमें तत्काल राहत और बचाव कार्य में जुट गईं। पचपदरा क्षेत्र से मिली जानकारी के अनुसार, रिफाइनरी की एक यूनिट में दोपहर के समय अचानक आग भड़क उठी। शुरुआती अनुमान में स्पार्किंग या किसी तकनीकी कारण को इसकी वजह माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों की पुष्टि अभी नहीं हो सकी है। आग की लपटें और घना काला धुआं दूर-दूर तक दिखाई दे रहा है, जिससे स्थिति की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
गौरतलब है कि रिफाइनरी का लोकार्पण कार्यक्रम कल प्रस्तावित है, जिसके लिए पूरे परिसर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। सुरक्षा एजेंसियों और प्रशासन की मौजूदगी के बीच हुई इस घटना ने अधिकारियों की चिंता बढ़ा दी है। आग लगते ही रिफाइनरी का फायर सेफ्टी सिस्टम सक्रिय हो गया और दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचकर आग बुझाने में जुट गईं। साथ ही हाइड्रेंट सिस्टम का भी उपयोग किया जा रहा है ताकि आग को अन्य यूनिट्स तक फैलने से रोका जा सके। रिफाइनरी प्रबंधन, तकनीकी विशेषज्ञ और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर हालात पर नजर बनाए हुए हैं। फिलहाल प्राथमिकता आग पर पूरी तरह काबू पाने और संभावित नुकसान को सीमित रखने की है। राहत की बात यह है कि अब तक किसी जनहानि की सूचना नहीं मिली है, हालांकि मशीनरी को भारी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है।






