स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने एसआई भर्ती परीक्षा 2021 पेपर लीक मामले में मंगलवार को तीसरी चार्जशीट अदालत में दाखिल की। एसओजी के सूत्रों के अनुसार, एडीजी वी.के. सिंह के निर्देश पर अनुसंधान अधिकारी महावीर सिंह ने राजस्थान लोक सेवा आयोग (आरपीएससी) के पूर्व सदस्य रामूराम रायका, निलंबित सदस्य बाबूलाल कटारा सहित 20 लोगों के खिलाफ चार्जशीट पेश की। इसमें रायका के बेटे और बेटी का भी नाम शामिल है। बताया जा रहा है कि रायका के बेटे ने अपनी बहन के लिए परीक्षा से पहले पेपर का इंतजाम किया था। आरोपियों में नकली अभ्यर्थी भी शामिल हैं। एसओजी ने रायका, बाबूलाल कटारा समेत सभी 20 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। एसओजी की टीम करीब 50 हजार पन्नों के दस्तावेजों के साथ अदालत पहुंची।
परीक्षा से पहले बाबूलाल कटारा ने रामूराम रायका को उसके बेटे और बेटी के लिए पेपर का इंतजाम किया था। आरोपी बाबूलाल कटारा को वरिष्ठ अध्यापक भर्ती परीक्षा में पेपर लीक के मामले में पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। जानकारी के अनुसार, एसओजी इस मामले में अब तक करीब 74 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जिसमें 50 चयनित थानेदार भी शामिल हैं। मामला अभी भी लंबित है और एसओजी की नजर प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे थानेदारों पर है।
एसआइ भर्ती: दस्तावेजों के साथ कोर्ट पहुंची एसओजी






