
कोटा रेल मंडल में सोमवार तड़के उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब त्रिवेंद्रम से हजरत निजामुद्दीन की ओर जा रही राजधानी एक्सप्रेस के एसी कोच में अचानक भीषण आग लग गई। यह घटना विक्रमगढ़ आलोट और लूनीरिचा रेलवे स्टेशनों के बीच हुई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते उसने ट्रेन के थर्ड एसी और एसएलआर कोच को अपनी चपेट में ले लिया। घटना की जानकारी मिलते ही कोटा रेलवे स्टेशन पर आपातकालीन हूटर बजाया गया, जिसके बाद रेलवे प्रशासन तुरंत हरकत में आया। मेडिकल टीमों और बचाव दल को तत्काल मौके के लिए रवाना किया गया।

सभी यात्री सुरक्षित
कोटा रेल मंडल के सीनियर डीसीएम सौरभ जैन के अनुसार, हादसे की सूचना मिलते ही दुर्घटना राहत ट्रेन कोटा से घटनास्थल के लिए भेज दी गई। राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में किसी भी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है। रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, जिनमें डीआरएम भी शामिल हैं, मौके पर पहुंच गए और हालात का जायजा लिया। जिस कोच में आग लगी थी, उसमें सवार यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। यात्रियों के सामान को भी सुरक्षित रूप से अन्य कोचों में स्थानांतरित किया जा रहा है। रेलवे प्रशासन द्वारा आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। बताया जा रहा है कि हादसे के समय अधिकांश यात्री अपने-अपने केबिन में सो रहे थे। अचानक कोच से धुआं उठता देख यात्रियों में हड़कंप मच गया। ट्रेन रुकते ही यात्री घबराहट में जल्दबाजी से नीचे उतरने लगे। इस दौरान कई यात्रियों का सामान ट्रेन में ही छूट गया।

बिजली बंद, शॉर्ट सर्किट की आशंका
घटनास्थल पर पहुंचे रेलवे कर्मचारियों ने एहतियात के तौर पर तुरंत ओएचई (ओवरहेड इलेक्ट्रिक) सप्लाई बंद करवा दी। इसके चलते कोटा रेल मंडल के इस रूट पर ट्रेनों का संचालन पूरी तरह से बाधित हो गया। रेलवे की टीमों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि रेलवे अधिकारी वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटे हुए हैं। फिलहाल पूरे मामले की गहन जांच जारी है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।







