भोपाल के बहुचर्चित दहेज हत्या प्रकरण में मृतका त्विषा शर्मा की मौत के बाद घटनाक्रम लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। जानकारी के अनुसार, 12 मई की रात त्विषा शर्मा ने कथित रूप से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी, जिसके बाद से ही मामला संवेदनशील और चर्चा का विषय बना हुआ है। इसी क्रम में आज उनके परिजन अस्थियां लेकर उत्तराखंड के ऋषिकेश पहुंचे, जहां विधि-विधान के साथ अंतिम संस्कार से जुड़े अनुष्ठान संपन्न किए गए। ऋषिकेश के प्रसिद्ध त्रिवेणी घाट पर परिजनों ने मां गंगा में त्विषा की अस्थियों का विसर्जन किया। इस दौरान माहौल बेहद भावुक रहा और परिजनों की आंखें नम नजर आईं। श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए परिवार के सदस्यों ने बेटी को याद किया और उसकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

इस मौके पर त्विषा के पिता नवनिधि शर्मा ने भावुक होकर कहा कि उनकी बेटी को ऋषिकेश और मां गंगा से विशेष लगाव था। वह अक्सर यहां आकर गंगा तट पर समय बिताना पसंद करती थी और इस स्थान से उसकी गहरी भावनात्मक जुड़ाव था। उन्होंने बताया कि इसी कारण परिवार ने उसकी अंतिम इच्छा और भावनाओं का सम्मान करते हुए यहीं अस्थि विसर्जन करने का निर्णय लिया। नवनिधि शर्मा ने आगे कहा कि यह केवल शुरुआत है और न्याय के लिए उनकी लड़ाई लंबी है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले में कई प्रभावशाली लोग शामिल हैं, जिसके चलते न्याय की राह आसान नहीं है। इसके बावजूद परिवार दृढ़ संकल्पित है कि वे अपनी बेटी के लिए इंसाफ मिलने तक संघर्ष जारी रखेंगे। उन्होंने सरकार, जांच एजेंसियों और न्यायपालिका से निष्पक्ष कार्रवाई की उम्मीद जताते हुए कहा कि इस मामले में सख्त कदम उठाकर एक मिसाल कायम की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके।







