पश्चिम बंगाल में बहुप्रतीक्षित मंत्रिमंडल विस्तार का आधिकारिक ऐलान कर दिया गया है। इस विस्तार के तहत सोमवार को कुल 35 विधायक मंत्री पद की शपथ लेंगे। मुख्यमंत्री शुभेन्दु अधिकारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X के माध्यम से इसकी जानकारी साझा की है।

मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में बताया कि राज्य मंत्रिपरिषद का विस्तार किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत नए मंत्रियों को शामिल कर सरकार को और अधिक सशक्त बनाया जाएगा। शपथ ग्रहण समारोह सोमवार सुबह 11 बजे राज्य सचिवालय ‘नबन्ना’ में आयोजित किया जाएगा। इस दौरान राज्यपाल आर एन रवि नए मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। गौरतलब है कि इससे पहले 9 मई को मुख्यमंत्री शुभेन्दु अधिकारी सहित कुल 5 मंत्रियों ने शपथ ली थी। इसके बाद से मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर अटकलें जारी थीं और यह प्रक्रिया कुछ समय से लंबित थी। हाल ही में मुख्यमंत्री दिल्ली भी गए थे, जहां उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पार्टी नेतृत्व के साथ बैठक कर आगामी रणनीति पर चर्चा की थी।
अब इस विस्तार के साथ भाजपा सरकार प्रशासनिक ढांचे को और मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ा रही है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि नए मंत्रियों को शामिल कर सरकार क्षेत्रीय संतुलन और विभिन्न सामाजिक वर्गों को प्रतिनिधित्व देने का प्रयास करेगी। नबन्ना में आयोजित होने वाला यह शपथ ग्रहण समारोह न केवल प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि इसे पश्चिम बंगाल की नई भाजपा सरकार के लिए एक अहम राजनीतिक कदम के रूप में भी देखा जा रहा है।






