राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर तैयारियां अपने जोरों पर हैं. अब से लगभग एक महीने का बाद अयोध्या में बन रहे भव्य राम मंदिर के द्वार भक्तों के लिए खुल जाएंगे। राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम 22 जनवरी को होने वाला है। इस कार्यक्रम के लिए बीजेपी नेताओं के साथ-साथ विपक्ष के नेताओं को भी निमंत्रण भेजा जाना शुरू हो गया है. कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी ने कहा है कि उन्हें अभी तक प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के लिए निमंत्रण नहीं मिला है। उन्होंने कहा है कि अगर उन्हें निमंत्रण मिलता है, तो वह जरूर जाएंगे. हालांकि, कांग्रेस राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा मुद्दे पर पहले पार्टी के भीतर ही चर्चा करने वाली है। उधर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी को प्राण प्रतिष्ठा में शामिल होने के लिए निमंत्रण दिया गया है. हालांकि, इस बात की संभावना कम है कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता इस कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे. इन सभी लोगों को व्यक्तिगत तौर पर निमंत्रण दिया गया है. पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और एचडी देवगौड़ा को भी निमंत्रण भेजा गया है. आने वाले दिनों में विपक्ष के अन्य नेताओं को भी निमंत्रण भेजा जाएगा.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, सोनिया गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे को राम मंदिर निर्माण से जुड़े एक प्रतिनिधिमंडल ने आमंत्रित किया था. इसमें नृपेंद्र मिश्रा भी शामिल थे. पूर्व राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल और सभी राजनीतिक दलों के प्रमुखों को आमंत्रित किया गया है. हालांकि, इस बात की जानकारी सामने नहीं आई है कि क्या कांग्रेस नेता राहुल गांधी को निमंत्रण भेजा गया है या नहीं. राहुल के अलावा अभी कई प्रमुख नेता ऐसे हैं, जिन्हें अभी तक निमंत्रण नहीं मिला है। काशी विश्वनाथ, वैष्णो देवी जैसे प्रमुख मंदिरों के प्रमुख और धार्मिक और संवैधानिक संस्थानों के प्रतिनिधियों को न्योता दिया गया है. आध्यात्मिक नेता दलाई लामा, केरल की माता अमृतानंदमयी, योग गुरु बाबा रामदेव, अभिनेता रजनीकांत, अमिताभ बच्चन, माधुरी दीक्षित, अरुण गोविल, फिल्म निर्देशक मधुर भंडारकर को भी निमंत्रण मिला है. इसके अलावा मुकेश अंबानी, अनिल अंबानी, प्रसिद्ध चित्रकार वासुदेव कामत, इसरो निदेशक नीलेश देसाई को भी निमंत्रण दिया गया है।





