केंद्र सरकार ने 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में कटौती करके उपभोक्ताओं को क्रिसमस और नए साल का गिफ्ट दिया है. ऑयल कंपनियों ने कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में ₹39.50 की कटौती की है. दिल्ली में अब 19 किलोग्राम वाला गैस सिलेंडर ₹में मिलेगा. हालांकि घरेलू एलपीजी सिलेंडरों की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है. कीमतों में कटौती आज से ही लागू हो गई। एलपीजी की कीमत में इस कटौती से होटल और रेस्टोरंट जैसे कमर्शियल रसोई गैस उपयोगकर्ताओं को कुछ राहत मिली है
| शहर का नाम | पुरानी कीमत (रुपये) | नई कीमत (रुपये) |
| दिल्ली | 1796.50 | 1757.50 |
| मुंबई | 1749 | 1710 |
| कोलकाता | 1908 | 1869 |
| चेन्नई | 1968.50 | 1929.50 |
नवंबर में भी ₹57 कम हुई थी कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत
पिछले कुछ समय से कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में लगभग हर महीने उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है. इससे पहले 1 दिसंबर को 19 किलोग्राम वाले एलपीजी सिलेंडर की कीमत में बदलाव किया गया था. वहीं, 16 नवंबर को कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 57 रुपये की कटौती की गई थी. घरेलू एलपीजी सिलेंडर की बात करें तो अगस्त के बाद से इनके रेट में कोई बदलाव नहीं हुआ है।
घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बदलाव नहीं
आखिरी बार 30 अगस्त 2023 को घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत 200 रुपये कम की गई थी. इंडियन ऑयल की वेबसाइट के मुताबिक, दिल्ली में बिना सब्सिडी वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत 903 रुपये, कोलकाता में 929 रुपये और मुंबई में 902.50 रुपये है. वहीं चेन्नई में एलपीजी गैस की कीमत 918.50 रुपये प्रति सिलेंडर है. बता दें कि एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बदलाव अंतरराष्ट्रीय बाजार में गैस की कीमतों में होने वाले उतार-चढ़ाव पर निर्भर करता है।





