पश्चिम बंगाल में ईडी की टीम पर हुए हमले के बाद प्रवर्तन निदेशालय की टीम ने पश्चिम बंगाल की ममता बनर्जी सरकार के एक मंत्री और एक विधायक के घर छापेमारी शुरू कर दी। ईडी की एक टीम अग्निशमन सेवा मंत्री सुजीत बोस के दो ठिकानों पर पहुंची है तो वहीं दूसरी टीम विधायक तापस रॉय के ठिकाने पर रेड डाल रही है। इसके अलावा नगर पालिका के पूर्व उपाध्यक्ष के घर पर भी ईडी की छापेमारी जारी है। बीते दिनों ईडी की टीम राशन घोटाला मामले में पश्चिम बंगाल के संदेशखली में टीएमसी नेता शाहजहां शेख के घर छापेमारी करने पहुंची थी। इस दौरान ग्रामीणों की भीड़ ने टीम पर हमला कर दिया था। ईडी टीम के साथ रहे केंद्रीय बलों के कर्मियों पर भी भीड़ ने हमला किया था। हमले के बाद ईडी के तीन अधिकारियों को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। रिपोर्ट के अनुसार ED ने राज्य के अग्निशगन मंत्री सुजीत के साथ तृणमूल कांग्रेस ने नेता और प्रवक्ता तापस राय और उत्तरी दम-दम नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष सुबोध चक्रवर्ती के खिलाफ भी कार्रवाई की है। टीम पर हमले के बाद इस बार अधिक केंद्रीय बलों की मौजूदगी में छापेमारी की गई है। पिछले साल 28 दिसंबर को ED ने मामले के सिलसिले में शहर के 9 अलग-अलग स्थान पर एक साथ छापेमारी की थी।
ईडी अधिकारियों पर पश्चिम बंगाल में हुए हमले के बाद जांच एजेंसी के कार्यवाहक निदेशक राहुल नवीन कोलकाता पहुंचे थे। उन्होंने अधिकारियों के साथ मीटिंग की थी। बैठक के दौरान उन्होंने अधिकारियों से कहा था कि डरिए मत, निडर होकर जांच कीजिए। सूत्रों के मुताबिक ईडी के कार्यवाहक निदेशक ने अधिकारियों से एनआईए के साथ मिलकर काम करने के लिए भी कहा था, ताकि शाहजहां शेख के सीमा पार बांग्लादेश के संबंधों की जांच की जा सके। ईडी अधिकारियों के साथ बैठक करने के बाद कार्यवाहक निदेशक ने सीआरपीएफ के सुरक्षाकर्मियों के साथ समन्वय बैठक की। बैठक में सीआरपीएफ की तैनाती की योजना बनाई गई थी, जो छापेमारी के दौरान ईडी अधिकारियों के साथ जाएगी। कार्यवाहक निदेशक राहुल नवीन ने कहा कि अधिकारियों के साथ महिला पुलिसकर्मियों पर भी फोकस किया जाए, ताकि बाधा डालने की कोशिश करने वाली महिलाओं को हटाया जा सके।





