कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉ. शशि थरूर को फ्रांस के सर्वोच्च नागरिक सम्मान से सम्मानित किया गया है। फ्रांसीसी सीनेट के अध्यक्ष जेरार्ड लार्चर ने तिरुवंनतपुरम के सांसद को शेवेलियर डे ला लेगियन डी ऑनर (नाइट ऑफ द लीजन ऑफ ऑनर) से सम्मानित किया है। थरूर को यह पुरस्कार भारत-फ्रांस संबंधों को गहरा करने, अंतरराष्ट्रीय शांति और सहयोग के प्रति प्रतिबद्धता जताने और लंबे समय से फ्रांस के मित्र के रूप में काम करने के लिए मिला है। शशि थरूर ने कहा, “एक ऐसे व्यक्ति के रूप में जो फ्रांस, उसके लोगों, उनकी भाषा और उनकी संस्कृति, विशेष रूप से उनके साहित्य और सिनेमा की प्रशंसा करता है, मैं आपके देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान से सम्मानित होने पर बहुत आभारी हूं।”
कई पुस्तकों के लेखक और तिरुवनंतपुरम से कांग्रेस सांसद थरूर को फ्रांसीसी सीनेट के अध्यक्ष जेरार्ड लार्चर द्वारा फ्रांसीसी दूतावास में प्रतिष्ठित पुरस्कार से सम्मानित किया गया।फ्रांस सरकार ने पूर्व केंद्रीय मंत्री थरूर के लिए अगस्त 2022 में पुरस्कार की घोषणा की थी, लेकिन उन्हें यह पुरस्कार मंगलवार को दिया गया।सम्मान प्राप्त करते हुए, थरूर ने कहा कि वह शेवेलियर डे ला लीजियन डी’ऑनूर (नाइट ऑफ द लीजन ऑफ ऑनर) स्वीकार करके बेहद सम्मानित महसूस कर रहे हैं।





