यात्री ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा यह “भयानक” है
एयरलाइन कंपनी इंडिगो साफ-सफाई के स्वच्छता मानकों की अनदेखी करने को लेकर एक बार फिर सुर्खियों में है। एक पैसेंजर ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर किया है जिसमें ‘फूड एरिया’ में ‘कॉकरोच’ घूमते दिखाया गया। इसके बाद ‘इंडिगो एयरलाइंस’ मैनेजमेंट की जमकर आलोचना की गई। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एविएशन जर्नलिस्ट तरुण शुक्ला की ओर से यह वीडियो पोस्ट किया गया था। इस वायरल वीडियो में दिखाया गया कि स्वच्छता के उच्चतम मानकों का अनुपालन करने वाली इंडिगो एयरलाइंस में किस तरह फूड एरिया में कॉकरोच घूम रहे हैं। वीडियो पोस्ट करने वाले यात्री ने एक्स पर लिखा, विमान के भोजन क्षेत्र में कॉकरोच मिला, ये वास्तव में भयानक हैं। उन्होंने इसको दिखाते हुए कहा, यह फूड एरिया के साथ-साथ कहीं भी नजर आना वाकई डरावना है। वहीं, इस तरह के वीडियो के सामने आने के बाद एक बार फिर एयरलाइन के विमान में स्वच्छता मानकों पर कई बड़े सवाल खड़े हो गए हैं। जवाब में इंडिगो ने अपने यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अपने पूरे बेड़े की पूरी तरह से सफाई और कीटाणुरहित करके तत्काल कार्रवाई की।
इंडिगो ने मामले पर लिया संज्ञान
वायरल वीडियो के बाद इंडिगो ने भी मामले पर गंभीर संज्ञान लिया है। इंडिगो की ओर से बकायदा एक प्रेस नोट भी जारी किया गया जिसमें दावा किया है कि वो पैसेंजर की सुरक्षा सुनिश्चित करने को लेकर पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। इस घटना के बाद इंडिगो ने पूरे विमान की अच्छे तरह से साफ-सफाई करवाई है। साथ ही एरिया को कीटाणुरहित करने की भी तत्काल कार्रवाई की है। कंपनी ने जवाब दिया कि वीडियों में फ्लाइट के दर्शाये गए एक गंदे कॉर्नर को एहतियातन उपायों के साथ पूरी तरह से कीटाणुरहित बनाया है। इंडिगो ने कहा कि हम उस वीडियो से अवगत हैं जो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है, जिसमें हमारे एक विमान में एक गंदा कोना दिखा है। हमारे कर्मचारियों ने तुरंत जहाज पर आवश्यक कार्रवाई की। एहतियाती उपाय के रूप में, हमने तुरंत पूरे बेड़े को साफ किया और कीटाणुशोधन प्रक्रियाएं कीं। एक यूजर ने एक्स पर लिखा कि इंडिगो की ओर से बहुत अहंकारी, लचर और गैर-जिम्मेदाराना प्रतिक्रिया हो रही है। डीजीसीए को इस घटना पर ध्यान देना चाहिए और एयरलाइन के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।





