लोक सभा चुनाव 2024 से पहले राष्ट्रीय लोकदल के मुखिया जयंत चौधरी ने विपक्षी दलों के I.N.D.I.A गठबंधन का साथ छोड़कर यूपी की सियासत तेज कर दी थी। इसी बीच जयंत ने राजस्थान और यूपी के विधायकों के साथ बैठक की। बैठक के बाद जयंत चौधरी ने एनडीए में शामिल होने को लेकर कहा कि इस पर जल्द ही घोषणा होगी। वहीं उन्होंने कहा कि इसके बाद ही पार्टी कितनी और कौन सी सीटों पर चुनाव लड़ेगी वह भी तय होगा। रालोद मुखिया जयंत चौधरी ने कहा कि राज्यसभा चुनावों पर सभी विधायक एक मत पार्टी के निर्णय के साथ हैं। उन्होंने कहा कि अभी हमारी NDA के साथ सीट बंटवारे पर कोई बात नहीं हुई है अगर कोई फैसला लिया जाता है तो आपको भी बताया जाएगा। वहीं मथुरा से चुनाव लड़ने को लेकर उन्होंने कहा कि ऐसा कोई निर्णय नहीं लिया गया है, घोषणा होने के बाद बात की जाएगी।
जयंत चौधरी ने कहा कि रालोद के सभी विधायक राज्यसभा चुनाव में एनडीए उम्मीदवारों के पक्ष में मतदान करेंगे। चौधरी ने यह स्पष्ट कर दिया कि अब वह विपक्ष के ‘इंडिया’ गठबंधन का हिस्सा नहीं हैं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ‘न्याय यात्रा’ के पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पहुंचने के सवाल पर उन्होंने इतना ही कहा कि उन्हें हमारी शुभकामनाएं हैं। किसान आंदोलन पर उन्होंने कहा कि उम्मीद है किसानों के आंदोलन का हल जल्दी निकलेगा। उन्होंने कहा कि सरकार के स्तर पर वार्ता चल रही है। कई मंत्रियों को किसानों से वार्ता के लिए भेजा गया है। यहां तक कि राज्य सरकारों से भी चर्चा की जा रही है।
किसान आंदोलन पर भी दी प्रतिक्रिया
रालोद मुखिया ने किसान आंदोलन को लेकर कहा कि मेरा सरकार से अनुरोध है की जल्द किसानों की समस्याओं का हल निकले। अगर मुझे किसानों के साथ मध्यस्था के लिए बुलाया जाता है तो में उसके लिए तैयार हूँ। वहीं उन्होंने यूपी पुलिस की भर्ती रद्द करने पर कहा कि मैं सीएम योगी आदित्यनाथ को धन्यवाद देता हूं कि उन्होंने नौजवानों की समस्याओं को सुना और पुलिस भर्ती परीक्षा को रद्द किया है। मैं चाहूंगा की नौजवानों की समस्याओं का हल जल्द निकले।





