राहुल बोले– बीजेपी की नफरत को मोहब्बत से हराएंगे
राहुल गांधी के नेतृत्व में मणिपुर से शुरू हुई कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा न्याय में समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव शामिल हुए। साथ ही कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा भी मौजूद रहीं। इस दौरान इन नेताओं ने भारतीय जनता पार्टी पर जमकर हमला किया। लोकदल भी यात्रा में शामिल हुआ। लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील सिंह ने अपने कई कार्यकर्ताओं के साथ भारत जोड़ो न्याय यात्रा में शामिल हुए। बता दें कि यह पार्टी जयंत चौधरी की राष्टीय लोकदल से अलग पार्टी है।
समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने यात्रा के यूपी में प्रवेश से पहले ही अमेठी या रायबरेली में शामिल होने की बात कही थी। लेकिन सीट बंटवारे पर बात तय न हो पाने की वजह से वह इसमें शामिल नहीं हुए। सीट बंटवारा फाइनल होने के बाद कांग्रेस ने अखिलेश यादव को उनके कार्यालय जाकर न्योता दिया था। इसके बाद तय हुआ था कि अखिलेश यूपी में यात्रा के आखिरी दिन आगरा में इस यात्रा का हिस्सा बनेंगे। कांग्रेस सांसद ने बीजेपी पर गरीबों के साथ अन्याय करने का आरोप लगाते हुए कहा, “अगर आप गरीब हैं तो आपके साथ 24 घंटे इस देश में अन्याय होगा। नफरत का कारण अन्याय है, इसलिए हमने अपने यात्रा में न्याय शब्द को जोड़ दिया है।
एमएसपी के मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरते हुए राहुल गांधी ने कहा, “किसान अपनी लड़ाई लड़ रहे हैं उनकी मांग है कि उनको एमएसपी मिले लेकिन बीजेपी नहीं चाहती कि उनको एमएसपी मिले अगर देश में हमारी सरकार आती है तो हम किसानों की एमएसपी देंगे। आगरा में मुहब्बत से नफरत खत्म करने का संदेश देते हुए राहुल गांधी ने एक बार फिर कहा कि देश की 88 फीसदी आबादी यानी पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक और आदिवासी समाज के लोगों की भागीदारी न सरकार में है न ही बड़ी कंपनियों में, हम इस भेदभाव को ख़त्म करेंगे.




