यूपी में एसआईआर के तहत पहली ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी कर दी गई है। अब मतदाता चुनाव आयोग की वेबसाइट पर जाकर ड्राफ्ट सूची में अपना नाम जांच सकते हैं। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा के अनुसार, प्रदेश में कुल 12.55 करोड़ मतदाता दर्ज हैं। पहले चरण की प्रक्रिया के बाद 2.89 करोड़ यानी करीब 18 प्रतिशत नाम सूची से हटाए गए हैं। जिन मतदाताओं का नाम पहली ड्राफ्ट सूची में शामिल नहीं है, वे 6 फरवरी तक फॉर्म-6 भरकर जमा कर सकते हैं, ताकि उनका नाम जोड़ा जा सके। अंतिम मतदाता सूची 6 मार्च 2026 को प्रकाशित की जाएगी। 6 जनवरी से दावे और आपत्तियां दर्ज की जा सकेंगी। दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की प्रक्रिया पूरी तरह नि:शुल्क है। सहायता के लिए चुनाव आयोग ने हेल्पलाइन नंबर 1950 जारी किया है। शहरी क्षेत्रों में अपेक्षित सहयोग न मिलने के कारण आयोग विशेष कैंप लगाने की भी योजना बना रहा है।
1 जनवरी 2008 से पहले जन्मे लोग कर सकते हैं आवेदन
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 1 जनवरी 2008 से पहले जन्मे नागरिक फॉर्म भरने के पात्र हैं। 1 अक्टूबर से जो मतदाता पात्र हो रहे हैं, वे भी आवेदन कर सकते हैं। जिन फॉर्मों की मैपिंग नहीं हुई है, केवल उन्हीं को नोटिस जारी किया जाएगा। अंतिम सूची 6 मार्च 2026 को जारी होगी।
वेबसाइट पर ऐसे देखें अपना नाम
चुनाव आयोग की वेबसाइट के माध्यम से सीधे अपना नाम देखा जा सकता है। प्रक्रिया 27 अक्टूबर 2025 से शुरू हुई थी, जबकि 4 नवंबर से पहला चरण आरंभ हुआ। उस समय कुल 15 करोड़ 30 हजार 92 मतदाता दर्ज थे। सभी के गणना प्रपत्र प्रिंट कर घर-घर वितरित किए गए। पहले एक सप्ताह की अवधि बढ़ाई गई, फिर 11 दिसंबर को गणना चरण समाप्त होना था। 2.97 लाख नाम हटाने के लिए 15 दिन का अतिरिक्त समय भी दिया गया।
3 चरणों में नाम जांचने की प्रक्रिया
- चुनाव आयोग की वेबसाइट (https://voters.eci.gov.in/download-eroll) पर जाएं।
- राज्य और जिला चुनकर अपना विधानसभा क्षेत्र चयन करें।
- बूथ चुनकर ड्राफ्ट मतदाता सूची डाउनलोड करें।
2.17 करोड़ मतदाता शिफ्ट हुए
मुख्य निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, 15 करोड़ से अधिक मतदाताओं में से लगभग 81 प्रतिशत ने स्वयं या परिवार के सदस्य के हस्ताक्षर के साथ फॉर्म वापस किए। करीब 18 प्रतिशत ने फॉर्म वापस नहीं किया, जिसके पीछे अलग-अलग कारण रहे। मृतक मतदाताओं की संख्या 46.23 लाख है, जबकि स्थानांतरित (शिफ्ट) हो चुके मतदाताओं की संख्या 2.17 करोड़ बताई गई है। एक से अधिक स्थानों पर नाम दर्ज पाए जाने वाले मतदाता 25.47 लाख हैं। कुल मिलाकर जिनके नाम ड्राफ्ट सूची में शामिल नहीं हुए, उनकी संख्या 2.89 करोड़ है।






