रविवार को देश में नई सरकार का गठन हो गया। वाराणसी से सांसद चुने गए नरेंद्र मोदी ने लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली। राष्ट्रपति भवन में आयोजित भव्य समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कुल 72 मंत्रियों ने पद और गोपनीयता की शपथ ली। शपथ ग्रहण के दौरान प्रधानमंत्री मोदी के बाद दूसरे नंबर पर राजनाथ सिंह ने शपथ ली। उत्तर प्रदेश से सबसे ज्यादा 11 नेताओं को मंत्री बनाया गया है। मोदी की तीसरी कैबिनेट में सबसे युवा, सबसे उम्रदराज, सबसे पढ़े-लिखे, सबसे कम पढ़े-लिखे मंत्री कौन हैं?
नरेंद्र मोदी की तीसरी कैबिनेट
9 जून 2024 को नरेंद्र मोदी तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री बने। नरेंद्र मोदी के साथ कुल 71 अन्य मंत्रियों ने भी इस दिन शपथ ली थी। इनमें से 30 कैबिनेट और पांच स्वतंत्र प्रभार के राज्य मंत्री और 36 राज्य मंत्री शामिल हैं।
मोदी मंत्रिमंडल में सबसे युवा महिला मंत्री रक्षा खडसे हैं। मोदी मंत्रिमंडल में शामिल हुईं रक्षा दूसरी सबसे युवा मंत्री हैं। वह 37 साल की हैं। उनसे पहले के. राम मोहन नायडू (36 वर्षीय) सबसे युवा मंत्री हैं। खडसे मात्र 26 साल की उम्र में पहली बार सांसद बनी थीं। वह राकांपा के नेता एकनाथ खडसे की बहू हैं। 2024 के आम चुनाव में उन्होंने शरद पवार के नेतृत्व वाली राकांपा के श्रीराम पाटिल को ढाई लाख से ज्यादा मतों से हराया।
चंद्रशेखर पेम्मासानी सबसे अमीर मंत्री
5 हजार 700 करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति वाले चंद्रशेखर पेम्मासानी मोदी सरकार में सबसे अमीर मंत्री हैं। तेलुगु देशम पार्टी के पेम्मासानी 2024 में लोकसभा चुनाव जीतने वाले सबसे अमीर सांसद भी हैं। पेम्मासानी चंद्रबाबू नायडू के सहयोगी हैं और आंध्र प्रदेश की गुंटूर लोकसभा सीट से जीत दर्ज की है। उन्होंने अपने प्रतिद्वंदी और वाईएसआरसीपी के प्रत्याशी किलारी वेंकट रोसैया को 3 लाख 40 हजार से ज्यादा वोटों से हराया है।
छह मंत्रियों ने पीएचडी की
मोदी सरकार में छह सबसे शिक्षित मंत्री हैं जिन्होंने पीएचडी की हुई है। ये छह मंत्री हैं डॉ. सुब्रह्मण्यम जयशंकर, डॉ. मनसुख मंडाविया, डॉ. जितेंद्र सिंह, डॉ. चंद्रशेखर पेम्मासानी, डॉ. एल. मुरुगन और डॉ. वीरेंद्र कुमार।



