टी20 विश्व कप 2024 का खिताब जीतकर भारतीय टीम बारबाडोस से दिल्ली पहुंच गई। मौसम खराब होने की वजह से बीसीसीआई ने भारतीय खिलाड़ियों की वापसी के लिए स्पेशल फ्लाइट का इंतजाम किया था, जिसमें भारतीय खिलाड़ियों के अलावा उनका सहयोगी स्टाफ और मीडियाकर्मी भी सवार थे।
भारत की टी20 विश्व चैंपियन टीम के देरी से यहां पहुंचने के कारण मरीन ड्राइव पर विजय जुलूस सही समय पर शुरू नहीं हो पाया। अधिकारियों ने जो कार्यक्रम पहले साझा किया था उसके अनुसार विश्व चैंपियन टीम का विजय जुलूस शाम पांच बजे नेशनल सेंटर फॉर परफॉर्मिंग आर्ट्स (एनसीपीए) से शुरू होकर शाम सात बजे वानखेड़े स्टेडियम में समाप्त होना था, लेकिन टीम देर से यहां पहुंची जिसके कारण विजय जुलूस निर्धारित समय पर शुरू नहीं हो पाया।
हजारों की संख्या में फैंस मुंबई में जमा हुए
हजारों की संख्या में फैंस मुंबई में एयरपोर्ट से लेकर वानखेड़े स्टेडियम तक जमा हुए हैं। सभी फैंस इस ऐतिहासिक पल का गवाह बनना चाहते हैं। वानखेड़े में आज फ्री एंट्री है। टीम इंडिया दिल्ली से रवाना हो चुकी है और कुछ ही देर में मुंबई पहुंच जाएगी। इसके बाद मरीन ड्राइव से लेकर वानखेड़े स्टेडियम तक भारतीय टीम विजय जुलूस निकालेगी। 2007 में भी ऐसा ही हुआ था। भारतीय टीम की सुरक्षा के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है।
पीएम मोदी ने पोस्ट की टीम इंडिया के साथ तस्वीर
पीएम मोदी ने टीम इंडिया के साथ खास मुलाकात की तस्वीर साझा की है। उन्होंने इसके साथ कैप्शन लिखा, “हमारे चैंपियंस के साथ एक बेहतरीन मुलाकात! 7, लोक कल्याण मार्ग में विश्व कप विजेता टीम की मेजबानी की और टूर्नामेंट के दौरान उनके अनुभवों पर एक यादगार बातचीत की।”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ‘नमो 1’ जर्सी भेंट की गई
बीसीसीआई सचिव जय शाह और अध्यक्ष रोजर बिन्नी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ‘नमो 1’ जर्सी भेंट की। भारतीय क्रिकेट टीम ने आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उनके आधिकारिक आवास पर मुलाकात की थी।




