राजस्थान में गुरुवार को बारिश की फुहारों के बीच 78वें स्वतंत्रता दिवस पर राज्य स्तरीय समारोह आयोजित किया गया, इस मौके पर प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जयपुर में मुख्यमंत्री हाउस में ध्वजारोहण किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने 78वें स्वतंत्रता दिवस पर परम्परा के तहत परकोटे में स्थित बड़ी चौपड़ पर आयोजित कार्यक्रम में झंडारोहण किया। इसके बाद नेता प्रतिपक्ष के नाते टीकाराम जूली ने भी बड़ी चौपड़ पर झंडारोहण किया। परंपरा रही है कि जयपुर में सत्ता पक्ष की ओर से हर साल बड़ी चौपड़ पर विशेष आयोजन कर के स्वतंत्रता दिवस पर झंडारोहण किया जाता है। मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के साथ बीजेपी के नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, जयपुर ग्रेटर मेयर सौम्या गुर्जर, विधायक हवामहल बाल मुकुंदाचार्य समेत बीजेपी के कई पूर्व पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इसके बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने 78वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में ध्वजारोहण किया। बारिश के बीच हो रहे राज्य स्तरीय समारोह मुख्यमंत्री ने परेड का निरीक्षण भी किया। इस कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित भी किया गया।
डॉ. किरोड़ीलाल मीणा ने मंत्री की हैसियत से सवाई माधोपुर में ध्वजारोहण किया। प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर प्रभारी मंत्री व विधायक कार्यक्रमों में शामिल हुए। उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने दौसा में ध्वजारोहण किया और परेड का निरीक्षण किया। राजस्थान विधानसभा में विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने ध्वजारोहण किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने राजस्थान कांग्रेस मुख्यालय (पीसीसी) पर आयोजित कार्यक्रम में शिरकत करते हुए झंडारोहण किया। इस मौके पर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और सेना पर बयान दिया। डोटासरा ने मीडिया से बात करते हुए संविधान और अग्निवीर जैसे मुद्दे उठाए। उन्होंने कहा, हमारा देश संविधान के मुताबिक चलता है और उसी के मुताबिक चलकर आज इस देश ने प्रगति की है। लेकिन वर्तमान में जो परिस्थितियां है और केन्द्र की सरकार है उस संविधान को अपने हिसाब से तोड़ना चाहती है, खंडित करना चाहती है, बदलना चाहती है। उन सब लोगों को परेशान करना चाहती है जिन लोगों ने देश की अखंडता को बनाए रखने के लिए हमेशा तैयार रहते है। देश के प्रधानमंत्री ने सेना को छोटा करके कमजोर करने का काम किया है। अग्निवीर जैसी योजना लाकर सेना को कमजोर करने का काम किया है। आज देश में नफरत फैलाने का काम देश की सत्ता कर रही है।
अलवर में स्वतंत्रता दिवस पर मुख्य समारोह इंदिरा गांधी स्टेडियम में मनाया गया। इस दौरान वन एवं पर्यावरण मंत्री संजय शर्मा ने झंडारोहण किया। समारोह की शुरुआत से ही बारिश शुरू हो गई थी। स्टेडियम में पानी भी भर गया था। इस समारोह में जिले में 34 लोगों का सम्मान किया गया और मंत्री संजय शर्मा ने शहीदों की वीरांगनाओं को शॉल उठाकर सम्मानित किया। इसके अलावा मीसाबंदियों को भी सम्मानित किया गया ध्वजारोहण के बाद राज्यपाल के संदेश का पठन हुआ और लोगो को प्रशस्ति पत्र वितरण किए गए। इस मौके पर मंत्री संजय शर्मा ने जिला प्रशासन के साथ एक पेड़ मां के नाम लगाया और लोगों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा कि आज के दिन भारत आजाद हुआ और लोग आज आजादी में खुले में सांस ले रहे हैं।
शेखावत ने दिल्ली आवास पर फहराया तिरंगा
केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने स्वतंत्रता दिवस पर दिल्ली आवास पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया। उन्होंने कहा कि तिरंगा फहराने का सौभाग्य प्राप्त कर हृदय से गर्वित और आनंदित अनुभव कर रहा हूं। शेखावत ने कहा कि परिवार के साथ स्वतंत्रता दिवस की खुशियां उन साथियों संग भी बांटी, जिनसे जनसेवा के मेरे उद्देश्य में सहयोग मिलता है। हम सब भारतीय हैं और राष्ट्रहित में अपनी-अपनी भूमिका का निर्वहन करते हुए एक परिवार बन गए हैं।
जयपुर में बारिश की फुहारों के बीच मनाया गया ७८ वां स्वतंत्रता दिवस






