बदलापुर के बाद अब महाराष्ट्र के अकोला में एक स्कूल में छात्राओं के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। यहां एक जिला परिषद स्कूल के शिक्षक पर छह छात्राओं को अश्लील वीडियो दिखाकर छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया गया है। छात्राओं की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया है। अकोला के एसपी बच्चन सिंह ने बताया कि काजीखेड़ के शिक्षक, 47 वर्षीय प्रमोद मनोहर सरकार के खिलाफ स्कूल की छह छात्राओं ने शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें आरोप लगाया गया है कि शिक्षक उन्हें अश्लील वीडियो दिखाकर छेड़छाड़ करता था। पुलिस ने तुरंत शिकायत दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और पीड़ित छात्राओं के बयान भी दर्ज कर लिए गए हैं। आरोपी शिक्षक के खिलाफ बीएनएस की धारा 74 और 75 तथा पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है, और आगे की जांच जारी है। इस मामले पर स्कूल के प्रधानाचार्य रवींद्र समदुर का कहना है कि उन्हें इस घटना की जानकारी नहीं थी। मंगलवार को स्कूल में एक कार्यक्रम के बाद शिक्षक कक्षा में छात्रों से मिलने गए थे, और इस दौरान कक्षा सात-आठ की चार-पांच छात्राओं ने उन्हें बताया कि उन्हें परेशान किया गया है। तभी इस मामले की जानकारी हुई।
बदलापुर में भी ऐसा ही एक मामला सामने आया था, जहां बच्चियों के साथ छेड़छाड़ को लेकर जमकर हंगामा हुआ था। ठाणे के बदलापुर में एक स्कूल के अटेंडेंट पर तीन और चार साल की दो बच्चियों का स्कूल के टॉयलेट में उत्पीड़न करने का आरोप था। बच्चियों ने इस घटना के बारे में अपने माता-पिता को बताया, जिसके बाद शिकायत दर्ज हुई और आरोपी के खिलाफ पॉक्सो कानून की धाराओं में केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। इस घटना पर स्कूल के प्रबंधन ने एक बयान जारी कर प्रिंसिपल, एक क्लास टीचर, और महिला अटेंडेंट को निलंबित कर दिया है और स्कूल की तरफ से माफी भी मांगी गई है।
महाराष्ट्र: अश्लील वीडियो दिखाकर छात्राओं से छेड़छाड़ करने का आरोप, शिक्षक गिरफ्तार






