उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले में एक और ट्रेन हादसे की साजिश की गई। साजिशकर्ता ने ट्रैक पर बाइक का रिम रख दिया। चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोका, और पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है। अलीगढ़ जनपद के रोरावर थाना क्षेत्र में मंगलवार की सुबह लगभग 7:45 बजे तालसपुर गांव के पास थर्ड लाइन पर बाइक का रिम रखकर मालगाड़ी को गिराने की साजिश की गई। गनीमत यह रही कि मालगाड़ी की स्पीड कम थी और जैसे ही रिम इंजन से टकराया, चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोक दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और दो लोगों को हिरासत में लिया। मालभाड़ा गलियारा के परियोजना प्रबंधक ने इस घटना की साजिश की आशंका जताते हुए रोरावर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। रेलवे की थर्ड लाइन (मालभाड़ा गलियारा) पर सुबह 7:45 बजे मालगाड़ी संख्या केएन-273341 डाउन ट्रैक पर किलोमीटर 806/42 के पास से गुजर रही थी। अचानक तेज आवाज के साथ मोटरसाइकिल का रिम मालगाड़ी के इंजन से टकराया और दूर जाकर गिरा। चालक ने तत्काल ट्रेन को रोका और कंट्रोलर को सूचना दी। चालक ने बताया कि रिम रेल पटरी पर रखा गया था और यह किसी अराजक तत्व का काम है।
जानकारी मिलते ही रेल अफसर मौके पर पहुंच गए। जीआरपी, आरपीएफ, और थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। जांच में पता चला कि दोनों पटरियों पर ऐसा निशान बना है जैसे पटरी को घिसा गया हो। रेलवे ट्रैक के किनारे झाड़ियों में एक और रिम मिला है। सीओ प्रथम अभय पांडे ने बताया कि रेलवे ट्रैक पर बाइक का रिम रखने के मामले की गहन जांच की जा रही है। प्रोजेक्ट मैनेजर सिकंदर हसीब की ओर से अज्ञात अराजक तत्व के खिलाफ थाना रोरावर में मुकदमा दर्ज कराया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस की तीन टीमें इस मामले की जांच में लगी हैं और कुछ संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है।
यूपी: अलीगढ़ जिले में एक और ट्रेन हादसे की साजिश, रेलवे ट्रैक पर रख दिया बाइक का रिम






