जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव की घोषणा हो गई है। इस बार मतदान तीन चरणों में होगा और वोटों की गिनती 4 अक्टूबर को की जाएगी। राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे ने जम्मू-कश्मीर के दौरे के दौरान फारूक अब्दुल्ला और उमर अब्दुल्ला से मुलाकात की थी। इसके बाद फारूक अब्दुल्ला ने गठबंधन की घोषणा की। अब दोनों पार्टियों के बीच सीट शेयरिंग को लेकर चर्चा हो रही है। इन चुनावों के मद्देनज़र, कांग्रेस ने फारूक अब्दुल्ला की पार्टी नेशनल कॉन्फ्रेंस के साथ गठबंधन किया है। इस गठबंधन को लेकर अमित शाह ने कांग्रेस और राहुल गांधी से 10 कड़े सवाल पूछे हैं। अमित शाह ने सवाल किया कि क्या कांग्रेस, नेशनल कॉन्फ्रेंस के जम्मू-कश्मीर के लिए अलग झंडे के वादे का समर्थन करती है? उन्होंने यह भी कहा कि सत्ता की लालच में कांग्रेस बार-बार देश की एकता और सुरक्षा को खतरे में डाल रही है। अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस ने जम्मू-कश्मीर चुनाव में अब्दुल्ला परिवार की ‘नेशनल कॉन्फ्रेंस’ के साथ गठबंधन कर अपने छिपे इरादों को उजागर कर दिया है।
अमित शाह के 10 सवाल:
- क्या कांग्रेस नेशनल कॉन्फ्रेंस के जम्मू-कश्मीर के लिए अलग झंडे के वादे का समर्थन करती है?
- क्या राहुल गांधी और कांग्रेस अनुच्छेद 370 और 35ए की पुनर्बहाली और जम्मू-कश्मीर को अशांति और आतंकवाद के दौर में धकेलने के नेशनल कॉन्फ्रेंस के फैसले का समर्थन करते हैं?
- क्या कांग्रेस कश्मीर के युवाओं की बजाय पाकिस्तान के साथ बातचीत कर फिर से अलगाववाद को बढ़ावा देने का समर्थन करती है?
- क्या कांग्रेस और राहुल गांधी पाकिस्तान के साथ ‘एलओसी व्यापार’ शुरू करने के नेशनल कॉन्फ्रेंस के फैसले का समर्थन करते हैं, जो सीमा पार आतंकवाद और उसके पारिस्थितिकी तंत्र को बढ़ावा देता है?
- क्या कांग्रेस आतंकवाद और पथराव में शामिल लोगों के रिश्तेदारों को सरकारी नौकरियों में बहाल करने का समर्थन करती है, जिससे आतंकवाद और उग्रवाद का दौर वापस आ सकता है?
- गठबंधन ने कांग्रेस पार्टी के आरक्षण विरोधी रुख को उजागर किया है। क्या कांग्रेस दलितों, गुज्जरों, बकरवालों और पहाड़ी समुदायों के लिए आरक्षण समाप्त करने का समर्थन करती है?
- क्या कांग्रेस चाहती है कि ‘शंकराचार्य हिल’ को ‘तख्त-ए-सुलेमान’ और ‘हरि हिल’ को ‘कोह-ए-मारन’ के नाम से जाना जाए?
- क्या कांग्रेस जम्मू-कश्मीर की अर्थव्यवस्था को फिर से भ्रष्टाचार में धकेलने और इसे चुनिंदा पाकिस्तान समर्थित परिवारों को सौंपने की राजनीति का समर्थन करती है?
- क्या कांग्रेस पार्टी नेशनल कॉन्फ्रेंस की जम्मू और घाटी के बीच भेदभाव की राजनीति का समर्थन करती है?
- क्या कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी कश्मीर को स्वायत्तता देने की नेशनल कॉन्फ्रेंस की विभाजनकारी राजनीति का समर्थन करते हैं?





