उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए एक बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा, “अगले 6 महीनों में 40,000 सरकारी नौकरियों की भर्तियां निकाली जाएंगी। अगर पेपर लीक गिरोह का कोई व्यक्ति पकड़ा जाएगा, तो उसके सरगना को भी परेशानी होगी। 2017 से पहले जो लोग युवाओं को धोखा दे रहे थे, वही अब दुष्प्रचार फैला रहे हैं।”
मुख्यमंत्री ने लखनऊ के लोक भवन में 647 वन रक्षकों/वन्यजीव रक्षकों और 41 अवर अभियंताओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। ये भर्तियां ‘उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग’ द्वारा निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से की गई हैं। उन्होंने कहा कि पूरी भर्ती प्रक्रिया के दौरान किसी को भी सिफारिश की जरूरत नहीं पड़ी है।
योगी आदित्यनाथ ने बताया कि परीक्षा की निगरानी के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का उपयोग किया जा रहा है। प्रदेश में बने सभी परीक्षा केंद्रों की लखनऊ से CCTV के जरिए मॉनिटरिंग की जा रही है। उन्होंने हाल ही में 60,000 पुलिसकर्मियों की भर्ती प्रक्रिया को सफलतापूर्वक पूरा करने की बात भी कही। इसके अलावा, शिक्षा चयन आयोग का गठन हो चुका है और जल्द ही भर्ती प्रक्रिया शुरू होने वाली है।
6 महीने में 40 हजार पदों पर होगी भर्ती- योगी





