बेंगलुरु में फ्रिज के अंदर कई टुकड़ों में मिली महिला की लाश के मामले में एक बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस के अनुसार, आरोपी की लाश ओडिशा में एक पेड़ से लटकी हुई मिली है। पुलिस ने हत्या की वजह और पूरी घटना का भी खुलासा किया है। बेंगलुरु के महालक्ष्मी हत्याकांड ने जितना पहले लोगों को चौंकाया था, उससे भी ज्यादा अब इस हत्याकांड के आरोपी की पहचान के बाद लोग हैरान हैं। पुलिस ने सबसे पहले महालक्ष्मी के पति से पूछताछ की, जिसने आशंका जताई कि इस हत्या में महालक्ष्मी का प्रेमी अशरफ शामिल हो सकता है। अब पुलिस का दावा है कि हत्यारे की लाश ओडिशा में एक पेड़ से लटकी पाई गई है। पुलिस का यह भी कहना है कि आरोपी महालक्ष्मी के साथ रिलेशनशिप में था और उसने आत्महत्या कर ली है। आरोपी की पहचान मुक्तिरंजन प्रताप रे (31) के रूप में हुई है, जिसकी लाश ओडिशा के भद्रक जिले के धुसुरी में एक पेड़ से लटकी पाई गई है। पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें मुक्तिरंजन ने अपने अपराध को स्वीकार किया है। पुलिस के अनुसार, महालक्ष्मी मुक्तिरंजन पर शादी का दबाव बना रही थी। पुलिस ने बताया कि, ‘मुक्तिरंजन और महालक्ष्मी दोनों एक कपड़े की दुकान में काम करते थे, जहां उनकी मुलाकात हुई और वे दोस्त बने। दोनों के बीच संबंध थे और महालक्ष्मी लगातार मुक्तिरंजन पर शादी का दबाव डाल रही थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच झगड़े होते रहते थे। इसी कारण नाराज होकर मुक्तिरंजन ने गुस्से में आकर महालक्ष्मी की हत्या कर दी और उसकी लाश के टुकड़े-टुकड़े कर दिए।
बेंगलुरु के महालक्ष्मी मर्डर केस का आरोपी ओडिशा में पेड़ से लटका मिला






