जम्मू-कश्मीर में एनआईए की टीम ने सात स्थानों पर छापेमारी की है। हाइब्रिड आतंकवादियों और ओवर-ग्राउंड वर्कर्स से जुड़े ठिकानों पर यह कार्रवाई की जा रही है। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने जून में शिव खोरी मंदिर से लौट रहे तीर्थयात्रियों की बस पर हुए आतंकी हमले की जांच के तहत शुक्रवार सुबह राजौरी और रियासी जिलों में कई जगहों पर छापेमारी की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी है।
9 जून को आतंकियों ने बस पर फायरिंग की थी, जिसमें जम्मू-कश्मीर के बाहर के सात तीर्थयात्रियों समेत नौ लोगों की मौत हो गई थी और 41 लोग घायल हुए थे। शिव खोरी मंदिर से कटरा जा रही बस, रियासी के पौनी इलाके के तेरयाथ गांव के पास गोलीबारी के बाद नियंत्रण खो बैठी और गहरी खाई में गिर गई थी। 17 जून को गृह मंत्रालय (एमएचए) ने इस आतंकी हमले की जांच एनआईए को सौंप दी थी।
अब तक राजौरी के हाकम खान नामक एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है, जिसने कथित तौर पर आतंकियों को हमले से पहले भोजन, आश्रय और रसद उपलब्ध कराई थी और इलाके की जानकारी भी दी थी। अधिकारियों ने बताया कि शिव खोरी आतंकी हमले के मामले में एनआईए की कई टीमें आज सुबह से राजौरी और रियासी जिलों में तलाशी अभियान चला रही हैं। जिन स्थानों की तलाशी ली जा रही है, वे हाइब्रिड आतंकवादियों और ओवर-ग्राउंड वर्कर्स से संबंधित हैं।
जम्मू-कश्मीर में एनआईए की टीम ने रियासी बस हमले से जुड़े मामले में सात जगह छापेमारी की






