पाकिस्तान अपनी नापाक हरकतों से बाज नहीं आ रहा है और लगातार भारत को उकसाने की कोशिश कर रहा है। पिछले तीन रातों से पाकिस्तान नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर निरंतर गोलीबारी कर रहा है।
जम्मू: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए भीषण आतंकी हमले के बाद भारत ने कड़े कदम उठाए हैं, जिससे पाकिस्तान बौखलाया हुआ है। दोनों देशों के बीच बढ़ते तनाव के बीच पाकिस्तान अपनी उकसावे वाली गतिविधियों से पीछे नहीं हट रहा। एलओसी पर लगातार तीसरी रात फायरिंग की गई, जिसका भारतीय सेना ने मुंहतोड़ जवाब दिया है। साथ ही जम्मू-कश्मीर के विभिन्न इलाकों में आतंकियों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन भी चलाया जा रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पाकिस्तानी सेना ने एलओसी के कई क्षेत्रों में गोलीबारी की, जिसका भारत ने पूरी ताकत से प्रतिकार किया। हालांकि, अभी तक किसी के हताहत होने की खबर सामने नहीं आई है।
एनआईए करेगी पहलगाम आतंकी हमले की जांच
पहलगाम आतंकी हमले में 26 लोगों की मौत के मामले की जांच अब राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) करेगी। गृह मंत्रालय के आदेश के बाद एनआईए ने आधिकारिक तौर पर इस मामले में केस दर्ज कर लिया है। एनआईए की टीमें हमले के पीड़ितों से संपर्क कर सबूत जुटाने में लगी हुई हैं।
कुपवाड़ा में अज्ञात बंदूकधारियों ने चलाई गोलियां
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले से देशभर में गहरा आक्रोश है। सुरक्षा बल सक्रिय होकर घाटी में तलाशी अभियान चला रहे हैं। इसी बीच खबर आई है कि कुपवाड़ा जिले के कांडीखास क्षेत्र में एक 45 वर्षीय व्यक्ति को उसके घर के पास अज्ञात बंदूकधारियों ने गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
इलाज के दौरान तोड़ा दम
पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान गरसूल मगरे के रूप में हुई है। उसे पेट और बाईं कलाई में गोली लगी थी। घायल अवस्था में उसे नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
हमलावरों की तलाश में जुटी पुलिस
पहलगाम आतंकी हमले और क्षेत्र में बढ़ी सुरक्षा चौकसी के चलते पहले से ही हाई अलर्ट पर चल रहे सुरक्षाबल, घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच गए। फिलहाल हमलावरों के मकसद का पता नहीं चल पाया है और पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।
जम्मू-कश्मीर में आतंक के खिलाफ लगातार कार्रवाई
गौरतलब है कि 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 लोगों की जान गई थी। इसके बाद दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले के गुड्डार वन क्षेत्र में शुक्रवार को मुठभेड़ शुरू हो गई। वहीं, इससे पहले गुरुवार को बांदीपोरा जिले के एक चेकपॉइंट पर पाकिस्तान स्थित लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) से जुड़े तीन आतंकी सहयोगियों को गिरफ्तार किया गया था। उनके पास से एक चीनी पिस्तौल, दो मैगजीन, कई राउंड गोलियां और हथगोले बरामद किए गए।





