उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में बुधवार सुबह भाजपा के दो गुटों के बीच भिड़ंत हो गई, जिससे जमकर बवाल मच गया। एक पक्ष के लोगों ने पुलिस के सामने ही भाजपा विधायक योगेश वर्मा को पीट दिया, जिसके बाद स्थिति और बिगड़ गई।
लखीमपुर खीरी में लखीमपुर अर्बन कोऑपरेटिव बैंक के चुनाव को लेकर मंगलवार से शुरू हुआ विवाद बुधवार को हिंसा में बदल गया। भाजपा के दो गुट बैंक के मुख्य कार्यालय के पास आमने-सामने आ गए और मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान सदर विधायक योगेश वर्मा को बैंक की पूर्व अध्यक्ष पुष्पा सिंह के पति और जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष अवधेश सिंह और उनके समर्थकों ने पीट दिया। इसके बाद मौके पर बवाल शुरू हो गया।
तनाव को देखते हुए कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में किया। मंगलवार को लखीमपुर अर्बन कोआपरेटिव बैंक चुनाव की प्रक्रिया स्थगित किए जाने की सूचना वायरल हुई थी, साथ ही मतदाताओं की अंतिम सूची फाड़े जाने का आरोप भी था। इस पर भाजपा जिलाध्यक्ष सुनील सिंह, सदर विधायक योगेश वर्मा, श्रीनगर विधायक मंजू त्यागी और धौरहरा विधायक विनोद शंकर अवस्थी ने एडीएम से मिलकर निष्पक्ष चुनाव की मांग की थी।
एडीएम ने स्पष्ट किया था कि चुनाव स्थगित नहीं होगा और पूरी निष्पक्षता के साथ चुनाव कराए जाएंगे। बुधवार को नामांकन प्रक्रिया भी शुरू हुई थी, लेकिन कुछ ही समय बाद सुबह करीब 11 बजे बवाल शुरू हो गया। इस दौरान भाजपा विधायक योगेश वर्मा और बैंक की पूर्व अध्यक्ष पुष्पा सिंह के पति अवधेश सिंह का आमना-सामना हो गया। दोनों के बीच कहासुनी हुई और अचानक अवधेश सिंह ने विधायक को थप्पड़ जड़ दिया, उसके बाद अन्य लोगों ने विधायक को लात-घूसे मारने शुरू कर दिए। पुलिस ने किसी तरह विधायक को बचाया और वहां से हटा लिया। फिलहाल माहौल शांत है, लेकिन तनाव बना हुआ है। विधायक और उनके समर्थक सड़क पर खड़े हैं, पर्चे जमा किए जा रहे हैं, और बैंक परिसर को छावनी में तब्दील कर दिया गया है।
लखीमपुर खीरी में पुलिस के सामने भाजपा विधायक को पीटा






