महाराष्ट्र सरकार में सहयोगी राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता बाबा जियाउद्दीन सिद्दीकी की शनिवार को बांद्रा पूर्व में निर्मल नगर के पास गोली मारकर हत्या कर दी गई। जानकारी के अनुसार, बाबा सिद्दीकी के कार्यालय के बाहर कम से कम दो-तीन हमलावरों ने घात लगाकर उन पर हमला किया। जैसे ही वह कार्यालय पहुंचे, हमलावर दौड़ते हुए आए और उन पर अंधाधुंध गोलियां चला दीं। उन्हें दो-तीन गोलियां लगीं, जिनमें से एक गोली उनके सीने में लगी। पास में खड़े उनके एक सहयोगी को भी पैर में गोली लगी। यह घटना रात करीब 9.30 बजे की है। हमलावर गोली चलाने के बाद मौके से फरार हो गए। इस हत्याकांड से पूरी मुंबई स्तब्ध है और देशभर से प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी ने भी इस राजनीतिक हत्या पर प्रतिक्रिया दी है।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “बाबा सिद्दीकी जी का दुखद निधन चौंकाने वाला और अत्यंत दुखद है। इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार के साथ हैं। यह भयावह घटना महाराष्ट्र में कानून-व्यवस्था की पूरी तरह से बिगड़ती स्थिति को उजागर करती है। सरकार को जिम्मेदारी लेनी चाहिए और न्याय सुनिश्चित करना चाहिए।” कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर लिखा, “महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी का दुखद निधन अत्यंत स्तब्धकारी है। दुख की इस घड़ी में मैं उनके परिवार, मित्रों और समर्थकों के प्रति अपनी गहरी संवेदना प्रकट करता हूँ। न्याय सुनिश्चित किया जाना चाहिए और वर्तमान महाराष्ट्र सरकार को गहन और पारदर्शी जांच का आदेश देना चाहिए। दोषियों को शीघ्र सजा मिलनी चाहिए। जवाबदेही सबसे महत्वपूर्ण है।”
बाबा जियाउद्दीन सिद्दीकी की हत्या पर राज्य के नेताओं ने भी शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने पुलिस को हत्यारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए बताया कि पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनमें से एक उत्तर प्रदेश का और एक हरियाणा का निवासी है। तीसरा आरोपी अभी फरार है।
मुंबई में एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की गोली मारकर हत्या






