उत्तर प्रदेश की 10 विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव की तैयारियां तेज हो गई हैं। सूबे में सत्ता पर काबिज भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और समाजवादी पार्टी (सपा) मुख्य रूप से आमने-सामने हैं। हालांकि, चुनाव आयोग ने अभी तक उपचुनाव की तारीखों की घोषणा नहीं की है।
उपचुनाव को लेकर आज, रविवार को, उत्तर प्रदेश के वरिष्ठ भाजपा नेताओं और केंद्रीय नेतृत्व के बीच बैठक होने की संभावना है। इस हाईलेवल मीटिंग में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री और पार्टी प्रमुख जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक और प्रदेश संगठन महासचिव धर्मपाल सिंह शामिल हो सकते हैं। माना जा रहा है कि इस बैठक में मुख्य रूप से आगामी उपचुनावों पर चर्चा होगी। इसके साथ ही लोकसभा चुनाव में भाजपा को हुए नुकसान पर भी चर्चा होने की संभावना है। 2024 के लोकसभा चुनाव में सपा और कांग्रेस का गठबंधन था। भाजपा 2019 में जीती 62 सीटों के मुकाबले केवल 33 सीटें ही जीत सकी। समाजवादी पार्टी ने अखिलेश यादव के नेतृत्व में 37 सीटें जीतीं, जबकि कांग्रेस ने 6 सीटों पर जीत हासिल की।
ऐसा माना जा रहा है कि चुनाव आयोग जल्द ही उत्तर प्रदेश की 10 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव की तारीखों का ऐलान करेगा। ये सीटें फूलपुर, खैर, गाजियाबाद, मझवां, मीरापुर, मिल्कीपुर, करहल, कटेहरी, कुंदरकी और सीसामऊ हैं। उपचुनाव भाजपा और विपक्षी दलों, दोनों के लिए अहम हैं। भाजपा अपनी जीत की लय वापस पाना चाहती है, वहीं समाजवादी पार्टी ने पहले ही 10 में से 6 सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। सपा और कांग्रेस मिलकर उपचुनाव लड़ेंगी।
यूपी उप चुनाव की तैयारियां तेज, अमित शाह की योगी और केशव मौर्य के साथ मींटिग




