त्योहारी सीजन में केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार केंद्रीय कर्मचारियों को बड़ा तोहफा देने की तैयारी कर रही है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, सरकार महंगाई भत्ते (डीए) में वृद्धि कर कर्मचारियों को दिवाली का तोहफा दे सकती है। इस बार डीए में 3 फीसदी की बढ़ोतरी होने की संभावना है, जिससे कर्मचारियों का डीए बढ़कर 53 फीसदी हो जाएगा। फिलहाल कर्मचारियों को 50 फीसदी डीए मिल रहा है, और सरकार दिवाली से पहले इसे 3 फीसदी बढ़ाने का मन बना रही है। यह खबर सरकारी सूत्रों से सामने आई है। अगर यह फैसला लिया जाता है, तो डीए 53% हो जाएगा और यह 1 जुलाई 2024 से प्रभावी होगा। इससे केंद्रीय कर्मचारियों की दिवाली और भी खास हो जाएगी, और उनकी सैलरी में अच्छा-खासा इजाफा देखने को मिलेगा। सूत्रों के अनुसार, इस पर फैसला बुधवार को कैबिनेट बैठक में हो सकता है।
आमतौर पर केंद्र सरकार जनवरी और जुलाई में डीए संशोधन करती है। इससे पहले, 24 मार्च 2024 को सरकार ने केंद्रीय कर्मचारियों को 4% डीए बढ़ोतरी का तोहफा दिया था, जिससे उनका डीए 46% से बढ़ाकर 50% कर दिया गया था। डीए बढ़ोतरी की उम्मीदें पहले से ही जताई जा रही थीं। हाल ही में कन्फेडरेशन ऑफ सेंट्रल गवर्नमेंट एम्प्लाइज एंड वर्कर्स के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा था कि अगली कैबिनेट बैठक में डीए में बढ़ोतरी की जाएगी, और हम कम से कम 3% की बढ़ोतरी की उम्मीद कर रहे हैं। अब अगर सरकार 3 फीसदी का इजाफा करती है, तो कर्मचारियों की सैलरी में कितना फर्क पड़ेगा, इसका अनुमान लगाते हैं। उदाहरण के तौर पर, यदि किसी कर्मचारी की बेसिक सैलरी 55,200 रुपये है, तो वर्तमान में 50% डीए के हिसाब से उसका महंगाई भत्ता 27,600 रुपये बनता है। यदि डीए 53% हो जाता है, तो महंगाई भत्ता बढ़कर 29,256 रुपये हो जाएगा। यानी उसकी सैलरी में 1,656 रुपये का इजाफा होगा।
यहां ध्यान देने वाली बात यह है कि डीए की गणना अखिल भारतीय उपभोक्ता मूल्य सूचकांक के आधार पर की जाती है, जो पिछले 12 महीनों की रिटेल महंगाई को ट्रैक करता है। दुनिया में बढ़ती महंगाई और लागतों को देखते हुए यह निर्णय देश भर के घरेलू बजट के प्रबंधन के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा।
मोदी सरकार महंगाई भत्ते में कर सकती है बढ़ोतरी





