शंघाई सहयोग संगठन की बैठक में शामिल होने के लिए भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर इस्लामाबाद स्थित जिन्ना कन्वेंशन सेंटर पहुंच गए हैं। वहां पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने भारतीय विदेश मंत्री का स्वागत किया। इस दौरान जयशंकर ने पाकिस्तान के उप-प्रधानमंत्री इशाक डार से हाथ मिलाया और कुछ बात की। एस जयशंकर ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री का मुस्कुराकर अभिवादन किया। सभी नेताओं के औपचारिक स्वागत के बाद एक ग्रुप फोटो ली गई, जिसमें पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ, मंगोलिया के प्रधानमंत्री ओयुन एर्डेन, भारतीय विदेश मंत्री और अन्य नेता शामिल हुए।
भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर का यह पाकिस्तान दौरे का दूसरा दिन है। उन्होंने आज सुबह पाकिस्तान स्थित भारतीय उच्चायोग में सैर का आनंद लिया और ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत एक पेड़ भी लगाया। गौरतलब है कि शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) की बैठक आज जिन्ना कन्वेंशन सेंटर में हो रही है, जहां पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने सभी सदस्य देशों के नेताओं का स्वागत किया। इसके बाद सभी नेताओं की एक ग्रुप फोटो ली गई और प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने बैठक की शुरुआत की।
एससीओ बैठक में विभिन्न नेताओं के संबोधन के बाद कुछ दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किए जाएंगे। इसके बाद पाकिस्तान के उप-प्रधानमंत्री इशाक डार और एससीओ के महासचिव झांग मिंग मीडिया से बात कर सकते हैं। बैठक के बाद पाकिस्तान के प्रधानमंत्री सभी मेहमानों के सम्मान में आधिकारिक भोज का आयोजन करेंगे। पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के अनुसार, इस बैठक का मुख्य फोकस आर्थिक सहयोग, व्यापार, पर्यावरण, और सामाजिक-सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने पर रहेगा। भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व विदेश मंत्री एस जयशंकर कर रहे हैं, लेकिन बैठक के दौरान भारत और पाकिस्तान के बीच कोई द्विपक्षीय वार्ता नहीं होगी।
एससीओ बैठक में पहुंचे विदेश मंत्री एस जयशंकर का प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने किया स्वागत






