देश में आए दिन होने वाले धमाकों की कड़ी में यह घटना एक बार फिर पाकिस्तान को दहला गई। यह धमाका बलूचिस्तान प्रांत की राजधानी क्वेटा में उस समय हुआ, जब बलूच नेशनल पार्टी (बीएनपी) द्वारा सरदार अत्ताउल्लाह मेंगल की चौथी पुण्यतिथि पर आयोजित रैली समाप्त हुई थी। रैली के समापन के तुरंत बाद शाहवानी स्टेडियम के पास पार्किंग क्षेत्र में विस्फोट हुआ, जब लोग लौट रहे थे। धमाका इतना जोरदार था कि पार्किंग क्षेत्र में भारी तबाही मच गई। कई लोग मौके पर ही मारे गए, जबकि कुछ ने अस्पताल ले जाते समय और इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। कुल मिलाकर 14 लोगों की जान गई है।
इस हमले में 35 लोग घायल हुए हैं। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। घायलों में पूर्व पाकिस्तानी सांसद अहमद नवाज और पार्टी नेता मूसा बलूच भी शामिल हैं। कई की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है।
पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह रैली बीएनपी नेता सरदार अख्तर मेंगल के नेतृत्व में आयोजित की गई थी, जो सरदार अत्ताउल्लाह मेंगल के बेटे हैं। बताया जा रहा है कि यह हमला उन्हें और उनके काफिले को निशाना बनाकर किया गया था। हालांकि अख्तर मेंगल सुरक्षित बच गए। पुलिस का कहना है कि यह संभवतः आत्मघाती हमला था, लेकिन इसकी पुष्टि जांच के बाद ही होगी।
पाकिस्तान में राजनीतिक रैली के बाद बम धमाका, 14 लोगों की मौत 35 घायल






