रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध को तीन साल से अधिक हो चुके हैं। अमेरिका लगातार इस संघर्ष को खत्म करने के लिए प्रयासरत है। मार्च में अमेरिका ने 30 दिनों के सीमित युद्धविराम का प्रस्ताव रखा था, जिसे यूक्रेन ने मान लिया था, लेकिन रूस ने अपनी शर्तों पर अड़ा रहा। शनिवार को फ्रांस, ब्रिटेन, जर्मनी और पोलैंड के नेता यूक्रेन पहुंचे। इनमें फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों, जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज, पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क और ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर शामिल थे। सभी नेताओं ने यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की से मुलाकात कर रूस पर दबाव बढ़ाने और युद्ध समाप्त करने को लेकर चर्चा की।
यूक्रेन के विदेश मंत्री आंद्रेई सिबिहा ने बताया कि सोमवार से यूक्रेन और उसके सहयोगी रूस के साथ कम से कम 30 दिनों के पूर्ण और बिना शर्त युद्धविराम के लिए तैयार हैं।
जेलेंस्की से मुलाकात से पहले चारों नेताओं ने संयुक्त बयान में कहा कि वे अमेरिका के साथ मिलकर रूस से 30 दिनों के संपूर्ण और बिना शर्त युद्धविराम की अपील करते हैं ताकि न्यायपूर्ण और स्थायी शांति की दिशा में बातचीत हो सके। उन्होंने कहा कि वे इस युद्धविराम को लागू कराने और शांति समझौते की दिशा में वार्ता को समर्थन देने को तैयार हैं। नेताओं ने स्पष्ट किया कि अब रक्तपात बंद होना चाहिए, रूस को अपनी अवैध घुसपैठ बंद करनी चाहिए और यूक्रेन को एक सुरक्षित, स्वतंत्र और संप्रभु राष्ट्र के रूप में विकसित होने का अधिकार मिलना चाहिए। साथ ही यह भी चेतावनी दी गई कि अगर रूस युद्धविराम के लिए तैयार नहीं होता, तो उस पर दबाव और बढ़ाया जाएगा तथा यूक्रेन को हर संभव सहायता दी जाती रहेगी।
यूक्रेन युद्ध विराम के लिए तैयार, रूस के साथ रुक सकती है जंग





