एयरलाइंस को बम की धमकियों की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। शनिवार को भी कई फ्लाइट्स को बम रखने की धमकी दी गई, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। जिन फ्लाइट्स को धमकी मिली, उनमें से तीन इंडिगो एयरलाइंस की और कुछ अकासा एयर की थीं। हालांकि, अकासा ने संख्या नहीं बताई, जबकि इंडिगो ने बयान जारी कर जानकारी दी और कहा कि वे सभी आवश्यक कदम उठा रहे हैं।
इंडिगो एयरलाइंस ने बताया कि उनकी दिल्ली से इस्तांबुल जाने वाली फ्लाइट 6ई को बम की धमकी मिली थी। उन्होंने कहा कि यात्रियों और क्रू की सुरक्षा उनकी प्राथमिकता है, और वे संबंधित अधिकारियों के साथ मिलकर सभी जरूरी कदम उठा रहे हैं। इंडिगो की मुंबई-इस्तांबुल फ्लाइट 6ई 17 और जोधपुर से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट 6ई 184 को भी बम की धमकी मिली थी। एयरलाइंस ने बताया कि जोधपुर-दिल्ली फ्लाइट सुरक्षित दिल्ली पहुंच गई और सभी यात्रियों को सुरक्षित उतार लिया गया है। सुरक्षा एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर काम किया जा रहा है।
इंडिगो की हैदराबाद से चंडीगढ़ जाने वाली फ्लाइट 6ई 108 को भी धमकी मिली। फ्लाइट के चंडीगढ़ पहुंचने पर उसे आइसोलेट किया गया और यात्रियों को सुरक्षित उतार कर विमान की जांच की गई। वहीं, अकासा एयर की एक फ्लाइट को भी बम की धमकी मिली। अकासा ने बताया कि उनकी इमरजेंसी टीम हालात पर नजर रखे हुए है और सभी सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन किया जा रहा है।
इस हफ्ते अब तक विभिन्न एयरलाइंस को करीब 40 बम धमकियां मिल चुकी हैं, जिससे विमानन कंपनियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा है। पिछले 24 घंटों में विस्तारा की दिल्ली-लंदन फ्लाइट, एयर इंडिया की जयपुर-दुबई एयर इंडिया एक्सप्रेस सेवा, और अकासा की बंगलूरू-मुंबई फ्लाइट को भी बम धमकियों का सामना करना पड़ा। विस्तारा की फ्लाइट को तो धमकी के बाद जर्मनी के फ्रैंकफर्ट की ओर मोड़ना पड़ा।
कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, “देश में विमानों को बम से उड़ाने की धमकियां लगातार मिल रही हैं। पिछले 5 दिनों में 70 विमानों को धमकियां मिली हैं। त्योहारों का समय है और लोग अपने घर जाने के लिए फ्लाइट ले रहे हैं, लेकिन इन धमकियों ने देश में डर का माहौल पैदा कर दिया है। पिछले कुछ महीनों से ऐसी धमकियां मिल रही हैं। इससे पहले अस्पतालों और स्कूलों को भी बम से उड़ाने की धमकियां मिली थीं। लोग अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं, लेकिन मोदी सरकार कोई ठोस कदम नहीं उठा रही जिससे इस सिलसिले को रोका जा सके।”
बम की धमकी के बाद इंडिगो एयरलाइंस ने कहा- यात्रियों की सुरक्षा हमारी पहली प्राथमिकता





