शहर के नांता थाना क्षेत्र में एक स्कूल बस पलट गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने बस में फंसे बच्चों को कांच तोड़कर बाहर निकाला। बस में लगभग 30 बच्चे सवार थे, जिनमें से 4 बच्चे गंभीर रूप से घायल हुए और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। कोटा उत्तर के वार्ड नंबर 29 के पूर्व सहवृत पार्षद लटूर लाल ने बताया कि यह घटना दोपहर करीब डेढ़ बजे की है। सुभाष नगर स्थित सत्यम स्कूल की बस, छुट्टी के बाद बच्चों को घर छोड़ने जा रही थी। बस में 40-50 बच्चे सवार थे। ट्रेचिंग ग्राउंड के पास करणी नगर चौराहे पर अचानक बस पलट गई और सड़क से 5-6 फीट नीचे गिर गई। हादसे के बाद स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए पहुंचे और कांच तोड़कर बच्चों को बाहर निकाला। सूचना मिलने पर मैं भी मौके पर गया। नांता पुलिस भी तुरंत पहुंच गई। कुछ बच्चों को गंभीर चोटें आई थीं और उन्हें पहले ही अस्पताल ले जाया गया था। हादसे का कारण स्टेयरिंग फेल होना बताया जा रहा है।
कोटा में बच्चों से भरी स्कूल बस पलटी, चार बच्चे गंभीर रूप से घायल






