बुधवार को तुर्किये की राजधानी अंकारा में हुए आतंकी हमले में पांच लोगों की मौत हो गई। यह हमला तुर्किये एयरोस्पेस (टीएआई) और रक्षा कंपनी ‘तुसास’ के परिसर में हुआ। एक महिला और एक पुरुष को सीसीटीवी कैमरे में तुर्किये एयरोस्पेस के परिसर में हमला करते हुए देखा गया। कई वीडियो में उन्हें बैग ले जाते और असॉल्ट राइफल्स से गोलियां चलाते हुए रिकॉर्ड किया गया। एक वीडियो में सरकारी कंपनी के मुख्यालय में विस्फोट भी दिखा। एक निजी चैनल की रिपोर्ट के अनुसार, आतंकियों के एक ग्रुप ने इमारत में घुसपैठ की, जिसमें से एक ने खुद को बम से उड़ा लिया। अन्य न्यूज आउटलेट्स के अनुसार, करीब एक घंटे तक गोलीबारी चली।
तुर्किये के उपराष्ट्रपति सेवडेट यिलमाज ने घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मारे गए लोगों में चार टीएआई के कर्मचारी और एक टैक्सी चालक शामिल हैं। हमले के लिए अभी तक किसी ने जिम्मेदारी नहीं ली है, लेकिन गृह मंत्री अली येरलिकाया का कहना है कि इस हमले के पीछे कुर्द उग्रवादियों का हाथ है। उन्होंने तुर्किये के खिलाफ दशकों से जारी विद्रोह का जिक्र करते हुए कहा कि यह हमला पीकेके से संबंधित लगता है।
राष्ट्रपति रेसेप तय्यिप एर्दोगन ने इसे तुर्किये के रक्षा उद्योग पर जघन्य हमला बताया। राष्ट्रपति एर्दोगन, जो व्लादिमीर पुतिन से बातचीत के लिए रूस दौरे पर हैं, ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, “तुर्किये रक्षा उद्योग के प्रमुख संगठनों में से एक टीएआई पर यह आतंकी हमला हमारे देश की शांति और सुरक्षा पर हमला है।” स्थानीय समाचार एजेंसी के अनुसार, तुर्किये सुरक्षा बलों के मौके पर पहुंचने के बाद गोलीबारी की आवाजें सुनी गईं और परिसर के ऊपर हेलिकॉप्टर उड़ते दिखे। तुर्किये की टीयूएसएएस रक्षा कंपनी नागरिक, सैन्य और मानवरहित विमानों, अन्य रक्षा उपकरणों और अंतरिक्ष प्रणालियों के डिजाइन और निर्माण का काम करती है।
तुर्किये में हुए आतंकी हमले में पांच लोगों की मौत, सीसीटीवी में घटना कैद





