बिहार के पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर अपनी सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है, ऐसा कहा जा रहा है कि उन्हें लॉरेंस विश्नोई गैंग की ओर से जान से मारने की धमकी मिली है। सांसद पप्पू यादव ने गृहमंत्री को लिखे अपने पत्र में बताया कि वे एक बार बिहार विधानसभा और छह बार लोकसभा सदस्य चुने गए हैं, इस दौरान कई बार उन पर और उनके परिवार के सदस्यों पर हमले हुए हैं। नेपाल के माओवादी संगठनों सहित जातिवादी अपराधियों ने कई बार उन पर जानलेवा हमले किए हैं।
उन्होंने आगे लिखा कि 2015 में नेपाल के उग्रवादी संगठन से मिली धमकी के बाद उन्हें केंद्रीय गृह विभाग ने वाई प्लस सुरक्षा दी थी, जो 2019 में घटाकर वाई श्रेणी कर दी गई। पप्पू यादव ने कहा, “सुरक्षा में कमी का फायदा उठाते हुए लोकसभा चुनाव के दौरान कई अपराधियों ने उन्हें गालियां दीं और घर में घुसकर जान से मारने की धमकी दी।”
उन्होंने पत्र में बताया, “अब लॉरेंस विश्नोई गैंग ने एक घटना का विरोध करने पर मुझे जान से मारने की धमकी दी है, जिसकी कॉपी मैं संलग्न कर रहा हूं।” उन्होंने बिहार और केंद्रीय गृह मंत्रालय की निष्क्रियता पर नाराजगी जाहिर की और वाई श्रेणी की सुरक्षा बढ़ाकर जेड श्रेणी करने की मांग की। साथ ही, उन्होंने सभी कार्यक्रम स्थलों पर पुलिस स्कॉट के साथ सुरक्षा बढ़ाने का अनुरोध किया।
अंत में उन्होंने लिखा कि अगर ऐसा नहीं किया गया तो उनकी हत्या हो सकती है और इसके लिए केंद्र और बिहार सरकार जिम्मेदार होगी। इस पत्र की एक प्रति उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, पूर्णिया के एसपी, बिहार के डीजीपी और बिहार के गृह विभाग के सचिव को भी भेजी है।
मेरी हत्या कभी भी हो सकती है- पप्पू यादव






