आगरा के ट्रांस यमुना क्षेत्र में किराये के मकान में रहने वाली एक महिला ने शिकायत की है कि मकान मालिक के बेटे ने बाथरूम में नहाते हुए उसका वीडियो बना लिया और उसे ब्लैकमेल करने लगा। महिला ने आरोप लगाया कि इसके बाद उसे कई दिनों तक दुष्कर्म का शिकार बनाया गया। पुलिस ने मामले में आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पीड़िता, जो रुनकता की रहने वाली है और अपने पति व बच्चों के साथ इस्लाम नगर में कलुआ के मकान में किराये पर रह रही थी, ने बताया कि दो वर्ष पहले मकान मालिक के बेटे साहिल ने उसके नहाते समय चोरी से वीडियो बना लिया था। इसके बाद साहिल ने उसे ब्लैकमेल कर शारीरिक शोषण करना शुरू कर दिया। जब महिला ने यह बात अपने पति को बताई तो साहिल और उसके परिवार वालों ने पति को पीटकर घर से निकाल दिया और महिला को बंधक बना लिया। साहिल की मां ने उसे शादी का झांसा देकर मामला शांत करवाया।
महिला ने बताया कि साहिल से उसे एक बेटी भी है, और जब वह दोबारा गर्भवती हुई तो उसका गर्भपात करवा दिया गया। आए दिन साहिल और उसके परिवार के लोग उसे मारते-पीटते थे। परेशान होकर महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। इंस्पेक्टर ट्रांस यमुना ने बताया कि साहिल, उसके पिता कलुआ, सितारा, सोनू, बाबी, सीमा, और रूबी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और जांच जारी है।
बाथरूम में नहा रही महिला का वीडियो बनाकर दुष्कर्म






