प्रधानमंत्री मोदी आज प्रयागराज पहुंचे। यहां उन्होंने संगम में स्नान किया और मां गंगा की पूजा अर्चना की।
प्रयागराज: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज, 5 फरवरी को प्रयागराज पहुंचे। बमरौली एयरपोर्ट पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और दोनों उपमुख्यमंत्रियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद प्रधानमंत्री ने अरैल वीआईपी घाट से नाव यात्रा की और त्रिवेणी संगम में पवित्र स्नान किया। इस दौरान उन्होंने भगवा वस्त्र धारण किए हुए थे और उनके हाथ में रुद्राक्ष की माला थी। उन्होंने लगभग 5 मिनट तक मंत्र जाप करते हुए सूर्य पूजा की, फिर मां गंगा की आराधना की।
2019 के कुंभ में भी लगाई थी डुबकी
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री मोदी छह साल बाद एक बार फिर महाकुंभ में पवित्र स्नान के लिए पहुंचे। इससे पहले उन्होंने 24 फरवरी 2019 के कुंभ में गंगा स्नान किया था और सफाईकर्मियों के चरण धोकर उनका सम्मान किया था। 42 वर्षों के अंतराल के बाद किसी प्रधानमंत्री ने संगम में स्नान किया था। इससे पहले 1977 के चुनाव से ठीक पहले इंदिरा गांधी ने संगम में स्नान किया था।
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। एनएसजी ने पूरे क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था संभाल ली है। इसके अलावा, बड़ी संख्या में मजिस्ट्रेट, पुलिस बल, पीएसी और आरएएफ के जवानों को तैनात किया गया है। गंगा के घाटों की सुरक्षा बढ़ाई गई है और शहर से लेकर कुंभ नगरी तक संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की जा रही है। इससे पहले, 13 दिसंबर को अपनी प्रयागराज यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने आम जनता की सुविधा के लिए 5,500 करोड़ रुपये की 167 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया था, जिससे क्षेत्र में कनेक्टिविटी और सुविधाओं में सुधार हुआ।






