उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के राणा प्रताप मार्ग स्थित होटल फॉर्चून, लेमन ट्री और होटल मैरियट सहित कई होटलों को धमकी भरे संदेश मिले हैं। इसके बाद, होटल प्रबंधन ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस सूचना पाकर मौके पर पहुंची और व्यापक जांच में जुट गई है। धमकी देने वाले व्यक्ति की भी जांच की जा रही है। इस साल अप्रैल से अक्टूबर तक भारत में कई स्कूलों, कॉलेजों, होटलों और हवाई अड्डों को बम धमकी भरे ईमेल और कॉल प्राप्त हुए हैं। दिल्ली, अहमदाबाद, बेंगलुरु, मुंबई और जयपुर जैसे शहरों में भी ऐसी धमकियां दी गई हैं, जिसके चलते स्थानीय पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं। अधिकांश धमकियां सोशल मीडिया के माध्यम से दी गई हैं, और अब मामलों की जांच के लिए केंद्र सरकार मेटा और एक्स जैसी सोशल मीडिया कंपनियों से मदद ले रही है।
आईएनएस न्यूज के अनुसार, इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने शनिवार को एक एडवाइजरी जारी की है, जिसमें एयरलाइनों को मिल रही फर्जी बम धमकियों को रोकने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स सहित सभी मध्यस्थों की जिम्मेदारी तय की गई है, और ऐसा न करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। मोदी सरकार ने सोशल मीडिया कंपनियों से एयरलाइनों को मिल रही फर्जी बम धमकी के संदेशों का डेटा साझा करने और इसके पीछे के लोगों की पहचान करने के लिए कहा है। इसके अलावा, सोशल मीडिया पर फॉरवर्ड, री-शेयर, री-पोस्ट, और री-ट्वीट जैसे विकल्पों के कारण इस तरह की अफवाहें तेजी से फैलती हैं, जिससे सार्वजनिक व्यवस्था, एयरलाइनों का संचालन और यात्रियों की सुरक्षा प्रभावित होती है।
लखनऊ के कई होटलों को बम से उड़ाने धमकी मिली






