रविवार को संभल में हुई हिंसा के बाद शुक्रवार को जुमे की नमाज को लेकर पुलिस हाई अलर्ट पर है। हर इलाके में सुरक्षा के मद्देनज़र पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। इससे पहले गुरुवार को पुलिस ने मस्जिद के आसपास के क्षेत्रों में फ्लैग मार्च किया था। पुलिस के अनुसार, अब संभल में जनजीवन सामान्य हो रहा है। लोगों में सुरक्षा का विश्वास बढ़ाने के लिए अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) श्रीश चंद्र के नेतृत्व में पुलिस ने व्यस्त बाजारों में फ्लैग मार्च किया। एएसपी ने कहा कि इलाके में स्थिति पूरी तरह शांत और सामान्य है। जुमे की नमाज को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर उन्होंने बताया कि क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पुलिस पूरी तरह तैयार है। इसके साथ ही स्थानीय पुलिस और जिला प्रशासन ने मुस्लिम धर्मगुरुओं के साथ बैठक कर नमाज के दौरान शांति बनाए रखने की अपील की है।
जुमे की नमाज के साथ-साथ जामा मस्जिद की सर्वेक्षण रिपोर्ट भी आज कोर्ट में पेश की जानी है। इसे लेकर दोनों पक्षों के वकीलों ने अपनी तैयारी पूरी कर ली है। हिंदू पक्ष के वकील श्रीगोपाल शर्मा ने कहा कि मुस्लिम पक्ष को पहले अपना जवाब देना है, जिसके बाद उनकी ओर से प्रत्युत्तर प्रस्तुत किया जाएगा। दूसरी ओर, मुस्लिम पक्ष के वकील शकील अहमद वारसी ने कहा कि उनके पास अपने पक्ष को साबित करने के लिए पर्याप्त सबूत हैं, जिन्हें अदालत में पेश किया जाएगा।
मुरादाबाद मंडलायुक्त आंजनेय कुमार सिंह ने बताया कि संभल में संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल की तैनाती की गई है। मुरादाबाद मंडल के सभी पांच जिलों में भी सतर्कता बरती जा रही है। संभल के शहर काजी कारी मोहम्मद अलाउद्दीन अजमली ने लोगों से अपील की कि सभी अपने-अपने मोहल्लों की मस्जिदों में नमाज अदा करें। उन्होंने बाहरी लोगों से भी आग्रह किया कि वे अपने इलाकों की मस्जिदों में ही नमाज पढ़ें, ताकि शहर में शांति बहाल हो सके।
संभल: जुमे की नमाज के साथ ही आज कोर्ट में पेश होगी सर्वे रिपोर्ट; चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात





