
10 मई से टिकटों की बुकिंग शुरू कर सकती है इंडिगो एयरलाइंस
दो प्रमुख औद्योगिक शहरों के बीच कनेक्टिविटी को मजबूत बनाने के उद्देश्य से यह पहल की जा रही है। इस दिशा में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने तैयारियां तेज कर दी हैं। वहीं, लॉन्च कैरियर के रूप में चयनित इंडिगो एयरलाइंस 10 मई से टिकट बुकिंग शुरू कर सकती है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से पहली उड़ान नवी मुंबई के लिए प्रस्तावित है, जिससे दोनों औद्योगिक हब के बीच आवागमन और सुगम हो सके। एयरपोर्ट से जुड़े एक अधिकारी के अनुसार, शुरुआती चरण में नवी मुंबई को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। इसके साथ ही बेंगलुरु के लिए भी उड़ान सेवा शुरू करने की योजना पर काम चल रहा है। इंडिगो की रणनीति के तहत मुंबई के अलावा बेंगलुरु, हैदराबाद, चेन्नई, अहमदाबाद, गोवा, जयपुर, लखनऊ और कोलकाता जैसे प्रमुख शहरों को भी नोएडा एयरपोर्ट से जोड़ने की तैयारी है। वहीं, अकासा एयर और एयर इंडिया एक्सप्रेस भी विभिन्न शहरों के लिए कनेक्टिविटी बढ़ाने की योजना बना रही हैं। इन एयरलाइंस द्वारा आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए प्रस्ताव यापल को सौंपे जा चुके हैं।
15 जून से उड़ानें शुरू, सॉफ्ट ट्रायल जारी
यापल द्वारा 15 जून से उड़ान संचालन शुरू करने की आधिकारिक घोषणा के बाद एयरपोर्ट पर सॉफ्ट ट्रायल भी शुरू हो गए हैं। इस प्रक्रिया के तहत यात्रियों के आगमन से पहले कर्मचारियों को एयरपोर्ट की व्यवस्थाओं से परिचित कराया जा रहा है। इसके लिए यात्री सुविधाओं से जुड़े वेंडर्स और उनके स्टाफ को एंट्री पास जारी किए जा रहे हैं। लक्ष्य यह है कि 15 जून से पहले एयरपोर्ट को पूर्ण रूप से व्यावसायिक संचालन के लिए तैयार कर लिया जाए।






